मॉस्को। रूसी सेना ने अपनी नवीनतम अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल (आईसीबीएम) का सफल परीक्षण किया। रक्षामंत्री ने कहा कि उत्तर-पश्चिमी रूस के प्लेसेट्स्क से शुक्रवार को सरमत मिसाइल का प्रक्षेपण किया गया। यह मिसाइल सोवियत युग में डिजाइन किए गए वोयेवोडा की जगह लेगी।
वोयेवोडा दुनिया का सबसे भारी आईसीबीएम है, जिसे पश्चिमी देशों में ‘शैतान’ के नाम से जाना जाता है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इस महीने की शुरुआत में कहा था कि सरमत का वजन 200 मीट्रिक टन है और यह वोयेवोडा से ज्यादा लंबी दूरी तक मार कर सकती है। उन्होंने कहा था कि सरमत उत्तरी या दक्षिणी ध्रुव पर उड़ान भर सकती है और दुनिया में किसी भी जगह पर अपने लक्ष्य को भेदने में पूरी तरह सक्षम है। पुतिन ने यह भी कहा था कि सरमत वोयेवोडा की तुलना में अपने साथ ज्यादा बड़ी मात्रा में युद्धक सामग्री ले जा सकती है।