28 Mar 2024, 21:54:32 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » World

सिंगापुर सरकार नागरिकों को बांटेगी 15-15 हजार रुपए

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Feb 21 2018 12:21PM | Updated Date: Feb 21 2018 12:21PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

सिंगापुर। सिंगापुर ने सरप्लस बजट पेश किया है। इसे देखते हुए सरकार ने 21 वर्ष या इससे ज्यादा उम्र के नागरिकों को 100 से 300 सिंगापुर डॉलर (पांच हजार से 15 हजार रुपए) तक बतौर बोनस देने की घोषणा की है। सिंगापुर के वित्तमंत्री हेंग स्वी कीट ने 19 फरवरी को वित्त वर्ष 2018 के लिए आम बजट पेश किया था। इसमें दस अरब डॉलर (49,116 करोड़ रुपए) का सरप्लस दिखाया गया। वित्तमंत्री ने सरप्लस बजट पेश करने के साथ ही होंगबाओ (बोनस) देने का भी ऐलान किया था।
 
हेंग ने बताया कि बोनस देने की सरकार की घोषणा उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसमें विकास का फल आम नागरिकों के बीच बांटने का वादा किया गया था। वित्तमंत्री ने बताया कि देश के सभी नागरिकों को उनके वेतन के हिसाब से बोनस का भुगतान किया जाएगा। इस पर कुल 700 मिलियन सिंगापुर डॉलर (3,438 करोड़ रुपए) का खर्च आएगा। सरकार की यह घोषणा अपने-आप में अनूठी है। उसने ऐसे समय में सरप्लस बजट पेश किया, जब वैश्विक अर्थव्यवस्था की रफ्तार धीमी है। करीब 27 लाख लोगों को यह बोनस 2018 के अंत तक दे दिया जाएगा।
 
आय के आधार पर इस तरह मिलेगा बोनस
सिंगापुर सरकार की योजना के मुताबिक बोनस का भुगतान आय के हिसाब से किया जाएगा। 28 हजार सिंगापुर डॉलर (13.75 लाख रुपए) या उससे कम की आय वाले लोगों को 300 सिंगापुर डॉलर (करीब 15 हजार रुपए) दिए जाएंगे। जिनकी आय 28 हजार से ज्यादा, लेकिन एक लाख डॉलर (49.11 लाख रुपए) से कम होगी उन्हें 200 डॉलर (करीब दस हजार रुपए) का बोनस मिलेगा। एक लाख डॉलर से ज्यादा आय वालों को 100 डॉलर (करीब पांच हजार रुपए) का भुगतान किया जाएगा।
 
सरप्लस राशि से अन्य काम भी होंगे
वित्तमंत्री के मुताबिक सरकार सरप्लस राशि का इस्तेमाल कई अन्य कामों में भी करेगी। पांच अरब सिंगापुर डॉलर का इस्तेमाल देश में बनाई जा रही नई रेलवे लाइनों के इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड में किया जाएगा। इसका उद्दवेश्य देश की आधारभूत संरचनाओं को दुरुस्त करना है। रेल लाइन विकसित करने में धन लगाकर यातायात व्यवस्था को भी बेहतर किया जाएगा। इसके अलावा दो बिलियन सिंगापुर डॉलर का इस्तेमाल प्रीमियम सब्सिडी के लिए होगा। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों की मदद वाली बीमा योजनाओं में भी इस पैसे का उपयोग किया जाएगा। सिंगापुर में बुजुर्गों के कल्याण के लिए कई तरह की योजनाएं चलाई जा रही हैं। बचे हुए फंड की मदद से उन्हें ज्यादा आर्थिक मदद मुहैया कराई जा सकेगी।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »