25 Apr 2024, 09:20:05 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » World

ब्रिटेन में जन्मे खालिद मसूद ने किया था लंदन में संसद के बाहर हमला

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Mar 24 2017 12:24PM | Updated Date: Mar 24 2017 12:24PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

लंदन। लंदन के वेस्टमिंस्टर ब्रिज और संसद की इमारत के बाहर बुधवार दोपहर हुए आतंकी हमले के लिए केंट में जन्मा 52 वर्षीय खालिद मसूद जिम्मेदार था। शादीशुदा खालिद तीन बच्चों का पिता था। वह अंग्रेजी जुबान का शिक्षक भी रह चुका था। उस पर कई अपराधों के लिए मुकदमे चल चुके थे, लेकिन उसका आतंकी कनेक्शन कभी सामने नहीं आया था। मसूद कई नामों से लंदन के दो फ्लैटों में रहता था। वह लंबे समय से ब्रिटिश खुफिया एजेंसी एमआई-5 की निगाह में था  और उससे पहले पूछताछ भी हो चुकी थी। इस बीच इस हमले की जिम्मेदारी खूंखार इस्लामिक संगठन आईएसआईएस ने ली है। आईएसआईएस की न्यूज एजेंसी ‘अमाक’ ने दावा किया है कि हमारे एक सिपाही ने इस हमले को अंजाम दिया है। इस हमले में खालिद महमूद के अलावा पुलिसमैन कीथ पामेर, ब्रिटिश नागरिक आयशा फ्राडे और अमेरिकी सैलानी कर्ट कोशरेन मारे गए थे।

कुल चार मरे, 29 घायल
खालिद ने वेस्टमिंस्टर ब्रिज पर तेज रफ्तार से हुंडेई टक्सन कार दौड़ाकर 29 लोगों को कुचल दिया था। इसके बाद उसने संसद भवन की ओर पैदल भागते हुए एक पुलिसकर्मी को चाकू मारकर घायल किया था। जिसके बाद पुलिस ने उसे गोली मारकर ढेर कर दिया। लंदन पुलिस ने गुरुवार को पुष्टि की कि इस घटना में हमलावर सहित कुल चार लोग मारे गए थे।
 
बर्मिंघम के फ्लैट में रह रहा था हमलावर
पुलिस ने बुधवार रात बर्मिंघम उपनगर के एक अपार्टमेंट के फ्लैट में दबिश देकर वहां से तीन लोगों को अपनी गिरफ्त में लिया। अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों ने कहा है कि वेस्टमिंस्टर हमले का आरोपी खालिद मसूद इसी फ्लैट में रहता था। इसके अलावा पुलिस ने पांच अन्य स्थानों पर छापेमारी कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गौरतलब है कि मीडिया रिपोर्ट्स में पहले कहा गया था कि हमलावर अबू इजादीन नामक शख्स है, लेकिन अब अधिकृत तौर पर खालिद का नाम सामने आ गया है।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »