25 Apr 2024, 10:45:26 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android

मेलबर्न। ऑस्कर जीतने से जुड़े मंत्र का खुलासा करते हुए एक नए अध्ययन में दावा किया गया है कि आपके ऑस्कर  जीतने की संभावना तब बढ़ जाती है, जब आप अमेरिकी संस्कृति दर्शाने वाली फिल्म में एक अमेरिकी अभिनेता हों। ऑस्ट्रेलिया के क्वींसलैंड विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने प्रमुख भूमिकाओं के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और अभिनेत्री के ऑस्कर और बाफ्टा पुरस्कारों के वितरण का व्यापक स्तरीय विश्लेषण किया।

इन्होंने कुल 908 पुरस्कार विजेताओं का आकलन किया, जिनमें ऑस्कर  के 97 विजेता और 383 (विफल) नामित लोग और बाफ्टा के 97 विजेता और 331 (विफल) नामित लोग शामिल थे। दोनों ही पुरस्कार यह दावा करते हैं कि उनका उद्देश्य दुनियाभर की फिल्मों में सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुतियों को पहचान देने का है।

नतीजे दिखाते हैं पुरस्कारों में अमेरिकी अभिनेताओं का दबदबा है। ऑस्कर और बाफ्टा के सभी पुरस्कारों में 50 प्रतिशत से ज्यादा पुरस्कार अमेरिकी अभिनेताओं ने जीते हैं। इसके अलावा यदि अभिनेता पुरस्कारों के निर्णायकों के साथ किसी सामाजिक समूह में हैं, तो उनके जीतने की संभावना बढ़ जाती है। स्कूल ऑफ साइकोलॉजी के निकलस के. स्टीफन्स ने कहा नतीजे दिखाते हैं कि हम किसी प्रस्तुति को असाधारण मानते हैं या नहीं, यह सिर्फ उस प्रस्तुति का तथ्यपरक गुण नहीं है।

देखने वाले लोग किसी प्रस्तुति को तब शानदार मान सकते हैं, जब वे और प्रस्तुति देने वाले लोग किसी सामाजिक समूह में सदस्य हों। आंकड़ों में यह भी दिखाया गया कि पुरस्कार जीतने में राष्ट्रीयता की भी अपनी भूमिका है। ऑस्कर में अमेरिकी अभिनेताओं को 67 प्रतिशत नामांकन मिले और 78 प्रतिशत पुरस्कार मिले। बाफ्टा में  ब्रितानी अभिनेताओं को 31 प्रतिशत नामांकन मिले और 42 प्रतिशत पुरस्कार। यह अध्ययन ब्रिटिश जर्नल ऑफ साइकोलॉजी में प्रकाशित हुआ है।

 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »