29 Mar 2024, 06:29:36 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » World

पाकिस्तान में बारिश, हिमपात में 26 लोगों की मौत

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jan 14 2020 12:04AM | Updated Date: Jan 14 2020 2:49AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

इस्लामाबाद। पाकिस्तान में पिछले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश एवं हिमपात के कारण विभिन्न इलाकों में सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा तथा इस दौरान कम से कम 26 लोगों की मौत हो गयी तथा 10 अन्य घायल हो गये। बलूचिस्तान के प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक भारी बारिश और हिमपात से दक्षिणी पश्चिमी प्रांत बलूचिस्तान सबसे गंभीर रूप से प्रभावित हुआ। पूरे प्रांत में हिमपात एवं बारिश जनित विभिन्न घटनाओं में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा पूर्वी प्रांत पंजाब के तीन अलग-अलग स्थानों पर दो बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गयी तथा 10 अन्य घायल हो गये। इससे पहले बलूचिस्तान में भारी बारिश एवं हिमपात को देखते हुए इस प्रांत के सात जिलों में आपात स्थिति लागू की गयी थी। बारिश एवं हिमपात जनित घटनाओं के कारण सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा।
 
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री जाम कमाल खान ने रविवार को मीडिया से कहा कि स्थिति सामान्य नहीं है तथा स्थानीय अधिकारियों को हाई अलर्ट जारी करते हुए बचाव दल को संबंधित इलाकों की ओर रवाना किया गया है। कई इलाकों में चार फीट तक बर्फ जमी हुयी है। मुख्यमंत्री ने कहा, सरकार हाई अलर्ट है तथा बचाव कार्यो में अधिकारियों की टीम दिन-रात काम कर रही है। हम रास्ते से बर्फ हटाने का काम कर रहे हैं तथा वहां फंसे लोगों तथा जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाने के प्रयास में जुटे हुए हैं। प्रभावित इलाकों में हिमपात और भारी बारिश के चलते बिजली आपूर्ति और इंटरनेट सेवा बाधित है तथा प्राय: सभी सड़कें भी बंद हैं। इससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। पाकिस्तानी अखबार डॉन  के अनुसार कुछ इलाके में तीन से चार फीट तक हुई बर्फबारी ने पिछले 20 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
 
भारी बर्फबारी के कारण क्षेत्र के कईं कच्चे मकान नष्ट हो गए। हिमपात के कारण ट्रेनें विलंब से चल रही हैं और क्वेटा शहर का हवाईअड्डा बर्फ से ढका है जिससे इलाके का यातायात प्रभावित हुआ है। अफगानिस्तान को जोड़ने वाले क्वेटा-चमन राजमार्ग पर भी यातायात स्थगित कर दिया गया है। मौसम विभाग ने सोमवार  सुबह कहा कि बलूचिस्तान के विभिन्न इलाकों में 56 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी। उन्होंने आने वाले दिनों में विभिन्न क्षेत्रों में भारी बारिश और हिमपात होने की आशंका व्यक्त की है।         
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »