अबुजा। नाइजीरिया के उत्तर पूर्वी राज्य बोर्नो शहर में आतंकवादी समूह बोको हराम के हमले में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गयी। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। नेशनल पार्लियामेंट में बोर्नो का प्रतिनिधित्व करने वाले सांसद उस्मान जन्नाह ने बताया कि 11 वाहनों में आए बोको हराम के आतंकवादियों ने गुरुवार देर रात बोर्नो की राजधानी मैदुगुरी से लगभग 40 किलोमीटर दूर उत्तर में कहर बरपाने वाला हमला किया।
जन्नाह के अनुसार मारे गये लोगों में आठ स्थानीय मिलिशिया सदस्य और छह स्थानीय निवासी और एक सुरक्षा अधिकारी शामिल हैं। उनके शव शुक्रवार को बरामद किये गये। आतंकवादियों ने विमान भेदी बंदूकों और कैलिबर हथियारों के साथ शहर में हमला किया। एक स्थानीय शिकारी बाना लिमन ने बताया कि यह हमला कई घंटों तक चला और उसने अपनी स्वनिर्मित बंदूकों से हमलावरों को उलझाए रखा। सेना की ओर से अभी हमले की पुष्टि नहीं हुई है।