पुले खुमरी। उत्तरी अफगानिस्तान के बगलान प्रांत की राजधानी पुले खुमरी में सड़क किनारे रखे गये एक बम के फटने से कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गये। स्थानीय पुलिस ने यह जानकारी दी है। प्रांतीय पुलिस प्रवक्ता अहमद जाविद बेशहरात ने कहा,‘‘ यह घटना सोमवार सुबह नौ बजे हुई और एक वाहन के इस बम की चपेट में आने से यह हादसा हुआ।
इसमें आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इनमें चार महिलाएं, दो बच्चे और दो पुरुष शामिल हैं।’’ प्रवक्ता ने बताया कि घायलों को समीप के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दरअसल रविवार को अफगानी सेना तथा पुलिस ने बगलान में कुछ खोजी अभियानों में 20 शक्तिशाली विस्फोटक और बारूदी सुरंग खोजकर उन्हें निष्क्रिय कर दिया था। पुलिस ने इस हमले के लिए तालिबानी आतंकवादियों को जिम्मेदार ठहराया है।