हरारे। जिम्बाब्वे के स्वतंत्रता आंदोलन के प्रमुख नेता एवं देश के पूर्व राष्ट्रपति रॉबर्ट मुगाबे का शुक्रवार को निधन हो गया। वह 95 वर्ष के थे। राष्ट्रपति एमर्सन मनांगाग्वा ने उनके निधन की जानकारी दी और इस पर अत्यंत दुख जताया। श्री मनांगाग्वा ने बताया कि जिम्बाब्वे की आजादी की लड़ाई के प्रतीक मुगाबे का निधन हो गया है। उन्होंने अफ्रीकी लोगों की आजादी और सशक्तीकरण के लिये अपना जीवन समर्पित किया था। देश उनके योगदान को कभी भुला नहीं सकता। उनकी आत्मा को शांति मिले। मुगाबे का अप्रैल से सिंगापुर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था जहां आज उनका निधन हो गया। मुगाबे ने जिम्बाब्वे को 1980 में आजादी मिलने के बाद पहला चुनाव लड़ा और जबरदस्त जीत हासिल की। वह 1980 से 1987 तक देश के प्रधानमंत्री और 1987 से 2017 तक राष्ट्रपति रहें। वर्ष 2017 में सैन्य तख्तापलट के जरिये उन्हें सत्ता से बाहर कर दिया गया।