23 Apr 2024, 16:54:53 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » World

प्रधानमंत्री मोदी ने शिंजो आबे से की मुलाकात, कई अहम विषयों पर हुई चर्चा

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Sep 5 2019 11:14AM | Updated Date: Sep 5 2019 11:14AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

व्लादिवोस्टक। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे से मुलाकात कर कई अहम विषयों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक ट्वीट कर यह जानकारी दी। ट्वीट के मुताबिक दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए बातचीत हुई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने रूस के व्लादिवोस्टक शहर में मुलाकात की।
 
इससे पहले दोनों नेताओं के बीच जापान के ओसाका शहर में आयोजित जी-20 शिखर सम्मेलन और फ्रांस के बियारित्ज में हाल ही में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान मुलाकात हुई थी। मोदी मलेशिया के प्रधानमंत्री माहाथिर मोहम्मद से भी मुलाकात करेंगे। मोदी पूर्वी आर्थिक फोरम (ईईएफ) की बैठक में हिस्सा लेने रूस गए हैं। मोदी ईईएफ को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे।
 
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पांचवें ईईएफ को संबोधित करने के लिए मोदी को मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया है। इससे पहले भारत और रूस ने अपनी रणनीतिक साझीदारी एवं परस्पर विश्वास को नयी ऊंचाइयों तक पहुंचाने के संकल्प के साथ 15 करारों पर बुधवार को हस्ताक्षर किये और दोनों देशों के बीच ऊर्जा, अंतरिक्ष और रक्षा के क्षेत्र में आपसी सहयोग को विस्तार देने की रूपरेखा तय की।
 
मोदी और पुतिन के बीच 20वीं भारत-रूस वार्षिक शिखर बैठक में इन दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए गए। इनमें भारत में सोवियत संघ अथवा रूस के सैन्य उपकरणों एवं हथियारों के कलपुजरो के निर्माण, रक्षा एवं प्रतिरक्षा, अंतरिक्ष, चेन्नई से व्लादिवोस्टक के बीच समुद्री संपर्क स्थापित करने तथा प्राकृतिक गैस के बारे में समझौते शामिल हैं।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »