इस्लामाबाद। पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने बुधवार को गोपनीय सूचना के आधार पर पूर्वोत्तर क्वेटा के बाईपास क्षेत्र में छह आतंकवादियों को मार गिराया। बलूचिस्तान के पुलिस महानिदेशक मोहसिन हसन बट ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मारे गए आतंकवादी इस्लामिक स्टेट आतंकवादी संगठन से जुड़े हुए थे। बट ने बताया कि इस अभियान में बलूचिस्तान कांस्टबुलरी का एक अधिकारी भी मारा गया जबकि आतंकवाद रोधी बल (एटीएफ) के छह जवान घायल हुए हैं।
घायलों में एक की हालत गंभीर बताई गई है। यह अभियान छह घंटे चला। आतंकवाद रोधी विभाग ने आतंकवादियों से बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए हैं। डान के अनुसार बट ने बताया कि मारे आतंकवादियों में एक महिला भी है। आतंकवादियों के शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिए गए हैं।