18 Apr 2024, 12:12:08 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » World

डोनाल्ड ट्रंप ने उत्तर कोरिया पर लगाए प्रतिबंध हटाए

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Mar 24 2019 2:40AM | Updated Date: Mar 24 2019 2:40AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्वीट किया कि उन्होंने उत्तर कोरिया पर नए प्रतिबंध लगाने के अपने प्रशासन के आदेश को वापस ले लिया है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि ट्रंप अपने ट्वीट में किन प्रतिबंधों की बात कर रहे हैं। उनके इस ट्वीट ने वित्त मंत्रालय के अधिकारियों को हैरानी में डाल दिया है, क्योंकि मंत्रालय ने किसी नए प्रतिबंध की कोई घोषणा नहीं की। ट्रंप ने लिखा, अमेरिका के वित्त मंत्रालय ने घोषणा की थी कि उत्तर कोरिया पर पहले से ही जारी प्रतिबंधों के बाद अब उस पर व्यापक स्तर पर और प्रतिबंध लगाए जाएंगे। आगे अमेरिकी राष्ट्रपति ने प्रतिबंध हटाने का दावा करते हुए लिखा, मैंने इन अतिरिक्त प्रतिबंधों को वापस लेने का आदेश दिया। व्हाइट हाउस ने इस पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी कि ट्रंप किन प्रतिबंधों की बात कर रहे हैं।
 
वित्त मंत्रालय ने उत्तर कोरिया के खिलाफ किसी नए प्रतिबंध की शुकवार को कोई घोषणा नहीं की थी, लेकिन ट्रंप ने इस सप्ताह ऐसा करने की धमकी जरूर दी थी। उनके प्रशासन ने प्रतिबंधों का उल्लंघन करने और उत्तर कोरिया की मदद करने के संदेह में दो चीनी जहाजरानी कंपनियों पर बृहस्पतिवार को प्रतिबंध लगाए थे। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव सारा सैंडर्स ने शुक्रवार को बयान दिया कि ट्रंप उत्तर कोरिया के नेता किम को पसंद करते हैं और उन्हें नहीं लगता कि ये प्रतिबंध आवश्यक होंगे। बता दें कि कुछ दिन पहले ही ट्रंप और किम के बीच दूसरी शिखर वार्ता हनोई में हुई, लेकिन यह वार्ता बेनतीजा ही रही थी।
 
इधर वेनेजुएला के बैंक पर प्रतिबंध लगाए
अमेरिका ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो का समर्थन करने पर काराकस के प्रमुख बैंक बैंडेस और इसके 4 सहयोगी प्रतिष्ठानों पर प्रतिबंध लगा दिए। मादुरो द्वारा विपक्ष के नेता जुआन गुएदो के शीर्ष सहयोगी को गिरफ्तार किए जाने के चंद घंटे बाद अमेरिका ने वेनेजुएला के बैंक और 4 संबद्ध प्रतिष्ठानों पर प्रतिबंध लगाने का यह कदम उठाया है।  वॉशिंगटन ने गुएदो को वेनेजुएला के अंतिरम राष्ट्रपति के रूप में मान्यता दे रखी है। अमेरिका के विदेश संपत्ति नियंत्रण वित्त विभाग  ने एक बयान में कहा कि प्रतिबंध की जद में आए प्रतिष्ठानों की अमेरिका स्थित या अमेरिका के नियंत्रण वाली सभी संपत्तियां प्रतिबंधित की जाती हैं और इनके बारे में ओएफएसी को रिपोर्ट की जानी चाहिए। अमेरिका ने वेनेजुएला सरकार के नियंत्रण वाले बैंक बैंडेस के साथ ही इससे संबद्ध प्रतिष्ठानों-बैंको बैंडेस उरुग्वे, बैंको बिसेंटेनैरियो डेल प्यूबलस, बैंको यूनिवर्सल एसए बैंको डे वेनेजुएला और बैंको प्रोडेम एसए ऑफ बॉलीविया शामिल हैं। वॉशिंगटन गुएदो और उनके सहयोगियों की गिरफ्तारी के खिलाफ मादुरो सरकार को बार-बार चेतावनी देता रहा है और कहता रहा है कि इसके गंभीर परिणाम होंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस सप्ताह दोहराया था कि अमेरिका मादुरो को अपदस्थ करने और गुएदो को सत्ता में पदस्थ करने के लिए सभी विकल्पों पर विचार कर रहा है। 
 
वेनेजुएला ने की आलोचना 
मैक्सिको सिटी। वेनेजुएला सरकार ने वेनेजुएला के सरकारी वेनेजुएलन इकोनॉमिक एंड सोशल बैंक और उसके सहायक बैंकों पर लगाए गए ‘अवैध’ अमेरिकी प्रतिबंधों की आलोचना की है। विदेश मंत्रालय ने ट्विटर पर  लिखा, वेनेजुएला गणराज्य ने वेनेजुएलन इकोनॉमिक एंड सोशल बैंक  तथा  देश के चार अन्य वित्तीय संस्थानों के खिलाफ अमेरिकी प्रशासन  द्वारा जबरन घोषित एकतरफा, अवैध उपायों को अस्वीकार कर दिया है। मंत्रालय द्वारा जारी विज्ञप्ति में इन प्रतिबंधों को वेनेजुएला के लोगों के वित्तीय अधिकारों पर हमला बताया गया है। अमेरिका के इस कदम से वेनेजुएला के लगभग दो करोड़ 40 लाख लोग प्रभावित होंगे।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »