मॉस्को। रूस ने कहा है कि वह अपने पूर्व जासूसों सेरगेई स्क्रिपल और उनकी बेटी यूलिया को लंदन के उनके सेलिस्बरी स्थित घर पर खतरनाक रासायनिक हथिायर ‘नर्व एजेंट’ से मारने की कोशिश के मामले की स्वयं जांच कर रहा है और उसे पूरा भरोसा है कि वह किसी ठोस नतीजे पर पहुंचेगा।
रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जोखरोवा ने समाचार पत्र ‘कोम्सोमोलस्कया प्रावदा’को दिये साक्षात्कार में यह बात कही है। जोखरोवा ने कहा, ‘‘हमारी जांच जारी है और इसे भूलना नहीं चाहिए। अगर अमेरिका, ब्रिटेन और बेल्जियम जैसे यूरोपीय देश यह सोचते हैं कि हम इस मुद्दे को कम आंक रहे हैं तो यह उनकी गलतफहमी है।’’
उन्होंने कहा,‘‘ पिता-पुत्री को जहर देने के मामले से संबंधित सभी मसलों की बारीकी से जांच की जायेगी और इसे नतीजे पर पहुंचा कर ही बंद किया जायेगा। इस मामले में हमारे ऊपर गंभीर आरोप लगे हैं और इसके परिणाम इतने नाटकीय थे कि उन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। ब्रिटेन के पास इस कांड में रूस के शामिल होने का अगर एक भी सबूत होता तो उसने उसे सौंपा होता। उनके पास ऐसा कोई भी सबूत नहीं है। ’’