अगर हमारी सुबह शुभ कार्यों के साथ हो तो फिर हमारा पूरा दिन इसी के अनुरूप अच्छा जाता है। अक्सर हम अपने आसपास की ढेर सारी बातों या वस्तुओं को अनदेखा कर देते हैं, लेकिन इन सभी का हम पर सीधा असर पड़ता है। अपनी सुबह को खुशनुमा बनाने के लिए वास्तुशास्त्र में बताए गए इन उपाय को हम अपना सकते हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में। कई लोगों की आदत होती है, सुबह उठते ही आइना देखने की। वास्तु के अनुसार ऐसा कभी नहीं करना चाहिए। ऐसा करने से दिनभर आप पर नकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव रह सकता है। यह भी कहा जाता है कि आंख खुलते ही किसी का भी चेहरा देखने से बचना चाहिए। दिन की शुरूआत के साथ सबसे पहले अपने ईष्ट देवता का ध्यान करें। उनके ही दर्शन करें। अपनी हथेली को देखकर भगवान का ध्यान करें। इससे आत्मविश्वास में वृद्धि होती है। सुबह उठते ही अगर शंख या मंदिर की घंटियों की आवाज सुनाई दे तो यह आपके भीतर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। नारियल, शंख, मोर, हंस, फूल आदि अगर सुबह दिख जाएं तो इसे शुभ माना जाता है।