23 Apr 2024, 16:18:20 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

किसानों की आवाज को कुचलना चाहती है भाजपा सरकार : अखिलेश

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Nov 17 2019 12:44AM | Updated Date: Nov 17 2019 12:44AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

लखनऊ। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उन्नाव में भाजपा सरकार ने किसानों की जायज मांग न सुनकर उनकी आवाज को कुचलने का अलोकतांत्रिक काम किया है। यादव ने शनिवार को कहा कि भाजपा सरकार किसानों के प्रति द्वेषपूर्ण रवैया अपनाने में जरा भी संकोच नहीं करती है। किसानों की समस्याओं का जवाब भाजपा सरकार लाठी-गोली से देकर संवेदनाओं को तार-तार करना अपना धर्म समझती है। उन्नाव में राज्य सरकार द्वारा ट्रांस गंगा सिटी के लिए किसानों की जमीनें जबरन अधिगृहित की गई है। किसानों को बहुत कम मुआवजा दिया गया है। 

आज किसान जब बढ़ा हुआ मुआवजा और रोजगार की मांग कर रहे हैं तो उन पर पानी, आंसू गैस छोड़ी गई और जमकर लाठियां बरसाई गई हैं। दर्जन भर से ज्यादा किसान घायल हुए हैं। पुलिस और प्रशासन का यह बर्बर रवैया घोर निंदनीय है। उन्होने कहा कि भाजपा सरकार ने चुनाव के समय जो वायदा किसानों से किया था उसे पूरा करना चाहिए। सरकार को किसानों को अपमानित करने और उन पर लाठी-गोली चलाने के बजाय सहमति का रास्ता अपनाना चाहिए। अन्नदाता का अपमान सरकार को मंहगा पड़ेगा।

यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार ने विकास योजनाओं के लिए जब भी जमीन अधिगृहीत की किसानों की सहमति से की। किसानों को समाजवादी सरकार ने नोएडा से आगरा यमुना एक्सप्रेस-वे का 65 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजा दिया था। समाजवादी सरकार में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का किसानों की सहमति से उन्हें चार गुना मुआवजा दिया गया था। सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार जो जबर्दस्ती और दमन का सहारा ले रही हैं यह पूर्णतया अनुचित और अनैतिक कृत्य है। किसानों की शिकायत है कि वायदे के मुताबिक उनके मसलों का समाधान नहीं किया जा रहा है। प्रशासन जबर्दस्ती उनकी जमीनों पर कब्जा करना चाहता है।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »