29 Mar 2024, 01:16:03 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

सदन की कार्यवाही अधिक से अधिक दिन चलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं: योगी

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jul 17 2019 7:20PM | Updated Date: Jul 17 2019 7:20PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हम सार्थक, रचनात्मक बहस, विचार-विमर्श को बढ़ावा के साथ अधिकतम चर्चा कराने के साथ अधिक से अधिक दिनों तक सदन की कार्यवाही चलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। योगी ने बुधवार को यहां विधान भवन में मानसून सत्र के पूर्व आयोजित सर्वदलीय बैठक में कहा कि सरकार सभी विषयों पर चर्चा के लिए तैयार है। सदन में लोकहित के मुद्दे पर बहस होनी चाहिए। विधानसभा में नेता सदन एवं मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आरोप-प्रत्यारोप, टोका-टोकी और शोरगुल के बीच सदस्यों की विकासमूलक बाते भी नहीं आ पाती है। सदस्यों द्वारा कही गयी अच्छी से अच्छी बाते भी उपेक्षित रह जाती है। कभी-कभी सदन में एक ही विषय को बार-बार उठाया जाता है।

तैयारी करके सदन में आने वाले विधायकों को अपनी बात कहने का अवसर नहीं मिल पाता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश  देश की सबसे बड़ी विधान सभा है। सदन की कार्यवाही पर देश और दुनिया की निगाहें होती है। बार-बार सदन की कार्यवाही बाधित एवं अव्यवस्थित होने से जन-प्रतिनिधियों के प्रति प्रदेश की जनता के बीच गलत संदेश जाता है। सदन के प्रति आमजन के विश्वास को बढ़ाने और दृढ़ीभूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने दलीय नेताओं से अपील की कि मुद्दों एवं तथ्यों पर सभी महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करें। सरकार प्रत्येक प्रकार से सदन संचालन में सहयोग करेगी।

बृहस्पतिवार 18 जुलाई से प्रारम्भ हो रहे मानसून सत्र को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए विधान सभा अध्यक्ष, हृदय नारायण दीक्षित ने सभी दलीय नेताओं से सहयोग का अनुरोध किया। दीक्षित ने सभी दल के नेताओं से अनुरोध किया कि वे अपना-अपना पक्ष सदन में शालीनता एवं संसदीय मर्यादाओं के तहत रखें। बहस की गुणवत्ता बनाये रखें। प्रेमपूर्ण वातावरण से सदन में बहस करें। उन्होंने सदन में चर्चा के दौरान मा0 सदस्यों को व्यक्तिगत आक्षेप से बचने की अपील की तथा इस सत्र को बिना अवरोध के चलाये जाने के लिए सभी नेताओं से आग्रह किया। बैठक में नेता विरोधी दल राम गोविन्द चौधरी, बहुजन समाज पाटी के नेता लाल जी वर्मा, कांग्रेस पार्टी के नेता अजय कुमार लल्लू के स्थान पर मसूद अख्तर, अपना दल (सोनेलाल) के नेता  नील रतन पटेल एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के नेता ओम प्रकाश राजभर ने भी अपने-अपने विचार प्रकट किए और सदन की कार्यवाही को व्यवस्थित ढंग से चलाने में प्रत्येक प्रकार का सहयोग देने का आश्वासन दिया।

इस मौके पर संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने  मुख्यमंत्री की भावना के साथ-साथ सम्बद्ध करते हुए सभी दलीय नेताओं से सदन में शान्तिपूर्ण सहयोग करने की अपील की। इसके पूर्व कार्य-मंत्रणा की बैठक में 18 जुलाई से 26 जुलाई, तक घोषित कार्यक्रमों पर चर्चा हुई। दीक्षित ने बताया कि 18 जुलाई को आगरा के विधायक स्वर्गीय जगन प्रसाद गर्ग को शोकांजलि के बाद सदन स्थगित कर दिया जाएगा। अगले दिन 19 जुलाई को अध्यादेशों एवं अधिसूचनाओं को सदन के पटल पर रखा जायेगा। तेइस जुलाई को पूर्व घोषित कार्यक्रमानुसार 12:20 बजे से अनुपूरक बजट रखा जायेगा और 24 जुलाई को अनुपूरक अनुदानों पर चर्चा एवं विनियोग विधेयक का पुर:स्थापन, विचार एवं पारण होगा। कार्यक्रम के अनुसार 23, 25, 26 जुलाई को अन्य मदों के साथ विधेयकों के प्रस्तुतीकरण व पारण का कार्य सम्पन्न होगा। बीच-2 में आवश्यकतानुसार कार्यमंत्रणा समिति पुन: बैठेगी। इस अवसर पर विधान सभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे और संसदीय अनुभाग एवं विधान सभा के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »