प्रयागराज। समाजवादी पार्टी ने देश की प्रतिष्ठित प्रयागराज जिले की फूलपुर और इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र से शनिवार को अपने प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी। पार्टी सूत्रों ने शनिवार को यहां बताया कि 17वीं लोकसभा चुनाव के लिए फूलपुर सीट से पंधारी यादव को प्रत्याशी बनाया है जबकि इलाहाबाद से राजेंद्र सिंह पटेल को अपना उम्मीदवार बनाया है। यादव वर्तमान में वह पार्टी के प्रदेश सचिव हैं जबकि राजेंद्र पटेल ने अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत जनता दल से की थी। जनता दल में प्रदेश उपाध्यक्ष और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य भी रह चुके हैं। बहुजन समाज पार्टी एवं राष्ट्रीय लोकदल के साथ गठबंधन करने वाली समाजवादी पार्टी के श्री पटेल का इलाहाबाद सीट पर शहर की जनता की नब्ज को समझने वाली भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी डा0 रीता बहुगणा जोशी के साथ कड़ी टक्कर है।
सपा के पूर्व जिला अध्यक्ष रहे पंधारी यादव का कांग्रेस के साथ गठबंधन करने वाली अपना दल के महासचिव पंकज निरंजन के साथ मुकाबला होगा। किसी भी चुनाव में जीत की भूमिका निभाने वाला पटेल बाहुल्य फूलपुर संसदीय सीट पर भाजपा, सपा और कांग्रेस गठबंधन अपना दल के प्रत्याशी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला फंस गया है। इस सीट पर तीनों पार्टियों ने पटेल बिरादरी पर दांव लगाया है। गौरतलब है कि 2018 में फूलपुर लोकसभा उप चुनाव में सपा के नागेन्द्र प्रताप सिंह पटेल ने जीत दर्ज की थी। उन्होंने भाजपा के कौशलेंद्र पटेल को हराया था। सपा ने यहां से नागेन्द्र प्रताप के स्थान पर पंधारी यादव को मैदान में उतारा है। पंधारी यादव प्रयागराज जिले के प्रतापपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं।