20 Apr 2024, 07:37:39 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
UPElection

न चैन, न करार, बस नतीजों का इंतजार- कहीं पूजा-पाठ तो कहीं जश्न

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Mar 11 2017 9:33AM | Updated Date: Mar 11 2017 9:33AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। पांच राज्यों के विधानसभा के चुनाव परिणाम आने शुरू हो गए हैं। गुरुवार को एग्जिट पोल के नतीजों के बाद सियासी जमात में शुक्रवार को खासी बैचेनी देखी गई। सबसे ज्यादा दिलचस्पी उत्तरप्रदेश के परिणाम को लेकर है। किसकी बनेगी सरकार, किसकी होगी हार या फिर त्रिशंकु होगी 17वीं विधानसभा? इन सभी सवालों के जवाब में शुक्रवार की रात प्रदेश के नेताओं का रतजगा रहा। 
 
बेचैनी ऐसी थी कि शुक्रवार को सियासी दलों के समर्थक पूजा पाठ और हवन-आरती में जुट रहे। कानपुर में सपा-कांग्रेस गठबंधन की जीत के लिए जहां समर्थकों ने हवन किया, वहीं गोरखपुर में भाजपा को बहुमत और योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनाए जाने के लिए भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा और महिला मोर्चा ने मां काली के मंदिर में आरती की। भाजपा ने जीत की पहले से ही शुक्रवार को कार्यालय पर जश्न मनाने की तैयारी शुरू कर दी, वहीं समाजवादी पार्टी के कार्यालय में सन्नाटा पसरा रहा। 
 
सभी एग्जिट पोल रिजल्ट के मुताबिक भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सामने आ रही है, हालांकि ज्यादातर का मानना है कि किसी को बहुमत नहीं मिल रहा। लेकिन कुछ सर्वे ने भाजपा को बहुमत मिलता भी दिखाया है। आखिर बेचैनी कितनी भी हो, लेकिन शनिवार को आने वाले नतीजे यूपी की सियासत पर असर जरूर डालेंगे। नतीजों से जहां बसपा का भविष्य तय होगा, वहीं राहुल गांधी और अखिलेश का साथ यूपी को कितना भाया इसका भी फैसला होगा। 2014 में मोदी लहर का कितना जादू बचा है यह भी शनिवार का नतीजा तय कर देगा।
 
बिहार जैसा होगा एक्जिट पोल का हश्र: राहुल  
एक्जिट पोल पर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश में सपा-कांग्रेस गठबंधन की जीत का भरोसा जताया है। एक्जिट पोल के लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि वह एग्जिट पोल पर कुछ नहीं बोल सकते। उन्होंने कहा, हमारा गठबंधन जीत रहा है। ऐसे एक्जिट पोल को हम बिहार में भी देख चुके हैं। इस पर शनिवार को बात करेंगे। वहीं, कांग्रेस नेता राजबब्बर बोले कि हम यूपी में सरकार बना रहे हैं, हम एग्जिट पोल में विश्वास नहीं रखते हैं। गठबंधन ही चुनावों में जीत दर्ज करेगा।
 
भाजपा नेता गदगद
हम राज्य में सरकार बना रहे हैं, हमें किसी भी गठबंधन की जरुरत नहीं है। अखिलेश को बोलना चाहिए कि मायावती के खिलाफ साजिश किसने की थी।

-योगी आदित्यनाथ
जो एग्जिट पोल आए हैं, उससे साफ है कि जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास है। एक लहर है देश के अंदर, यह एग्जिट पोल से साफ दिखाई देता है।
 
-अनंत कुमार
कुछ लोगों को बुआ याद आ गईं, परिणाम के बाद नानी याद आ जाएगी। बसपा से गठबंधन का संकेत देकर मुख्यमंत्री अखिलेश ने मतगणना से पहले ही सपा की पराजय और भाजपा की विजय स्वीकार कर ली है। कमल ही कमल खिलेगा।        
 
 -केशव मौर्य
 
सपा में हलचल
भड़के रामगोपाल, जीत का दावा 
एग्जिट पोल के बाद शुक्रवार को समाजवादी पार्टी नेता रामगोपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि उनके पास सूचना है कि न्यूज चैनलों ने भाजपा के दबाव में आकर असली एग्जिट पोल को बदला है। सपा नेता यादव ने सपा को 236 मिलने का दावा किया है, उन्होंने कहा कि सपा जीत के बाद सैफई में होली बनाएगी।  
 
बहनजी का नाम नहीं लिया
अखिलेश के बयान पर सपा के राज्यसभा सांसद नरेश अग्रवाल ने सफाई देते हुए कहा कि अखिलेशजी ने बीएसपी या बहनजी का नाम नहीं लिया है। उनका उद्देश्य सांप्रदायिक ताकतों को राज्य से बाहर रखने का है। 
 
अखिलेश हारेंगे: अमर सिंह 
सपा से निष्कासित अमर सिंह ने कहा है कि यूपी में भाजपा के बेहतर प्रदर्शन की वजह सीएम अखिलेश यादव का कांग्रेस से गठबंधन करना है। उन्होंने साहसिक फैसले लेने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी की तारीफ की। उन्होंने कहा, पीएम के लिए गदहा, आतंकी से पागल मोदी जैसे भद्दे शब्दों का इस्तेमाल कर हमला किया गया। 
 
आजम का दावा, भाजपा को 25 से ज्यादा सीटें नहीं 
समाजवादी पार्टी के फायरब्रांड नेता आजम खां ने हर एक्जिट पोल को खारिज कर दिया है। अखिलेश यादव सरकार में कैबिनेट मंत्री आजम खां का दावा है कि उत्तर प्रेदश में भाजपा को सिर्फ 25 सीट मिलेगी।  आजम खां ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से हम पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूपी विधानसभा में समाजवादी पार्टी 380 सीटें आसानी से जीत जाएगी, बाकी सीटें अन्य दलों को मिलेंगी।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »