29 Mar 2024, 20:20:02 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
UPElection

पणजी उपचुनाव: शाम पांच बजे तक 71.75 प्रतिशत मतदान

By Dabangdunia News Service | Publish Date: May 19 2019 11:26PM | Updated Date: May 19 2019 11:26PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

पणजी। गोवा में पणजी विधानसभा सीट के लिए रविवार को हुए उपचुनाव में शाम पांच बजे तक 71 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय के मुताबिक मतदान सुबह शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक 71.75 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। वीवीपैट मशीनों में तकनीकी खराबी के कारण एक मतदान केन्द्र पर करीब 20 मिनट तक मतदान बाधित रहा। पणजी विधानसभा क्षेत्र में 22 हजार से अधिक मतदाता हैं जो छह उम्मीदवारों के चुनावी भविष्य का फैसला करेंगे। प्रदेश निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि पणजी निर्वाचन क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 22,482 है  जिनमें 10,697 पुरुष और 11,785 महिला मतदाता हैं। इनमें 476 नये मतदाता हैं जो पहली बार मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें 131 दिव्यांग मतदाता भी शामिल हैं।
 
पणजी निर्वाचन क्षेत्र में 30 मतदान केंद्र बनाये गये हैं। जिला प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा  के पर्याप्त इंतजाम किये हैं। सुरक्षा के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की भी तैनाती की गयी। उपचुनाव में कुल छह उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें भारतीय जनता पार्टी के सिद्धार्थ कुनकलिएंकर, अटानसिओ मोनसेरेट, वाल्मिकी नायक और सुभाष वेलिंगर शामिल हैं। इसके अलावा दो निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप घाड़ी और विनय मोरे भी चुनावी मैदान में हैं। मतगणना 23 मई को होगी। अपना वोट डालने के बाद जीएसएम के उम्मीदवार वेलिंगर ने कहा,‘‘भाजपा मुझे बदनाम करने के लिए बहुत निचले स्तर तक चली गयी है।
 
लोग आज अपने मताधिकार का प्रयोग कर उन्हें जवाब देंगे।’’  भाजपा के उम्मीदवार कुनकलिएंकर ने उपचुनाव में जीत का दावा करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि लोग भाजपा के पक्ष में मतदान करेंगे क्योंकि वे ही उन्हें विकास दे सकती है। कांग्रेस के उम्मीदवार अटानसिओ मोनसेरेट ने भाजपा पर उनके खिलाफ दुष्प्रचार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके घोषणापत्र के आधार पर जनता उनके पक्ष में मतदान करेगी। गौरतलब है कि गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के निधन के बाद पणजी विधानसभा सीट रिक्त होने के कारण यहां उपचुनाव कराये जा रहे हैं। दो दशक से भी अधिक समय तक पणजी निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके पर्रिकर का 17  मार्च को निधन हो गया था। 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »