19 Apr 2024, 06:42:55 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
UPElection

भाजपा से उलट हर वादे को निभाना कांग्रेस की फितरत : पुनिया

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Apr 9 2019 11:48PM | Updated Date: Apr 9 2019 11:48PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

लखनऊ। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद पी एन पुनिया ने कहा कि वादाखिलाफ के लिये बदनाम भारतीय जनता पार्टी के विपरीत कांग्रेस हर वादे को संजीदगी के साथ निभाने में विश्वास करती है। पुनिया ने मंगलवार को यहां पत्रकारों से कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जितने वादे जनता से किये थे, उनमें से एक भी वादा पूरा करने में सरकार नकारा साबित हुयी है। उलटा मोदी सरकार ने नोटबंदी और जीएसटी से करोड़ों लोगों को बेरोजगारी और गरीबी की गर्त में धकेल दिया। खुद को गंगा मां का बेटा कहने वाले  मोदी के पांच साल के कार्यकाल में वाराणसी में गंगा और भी दूषित हो गयी।

उन्होने कहा कि कांग्रेस ने न्याय योजना के तहत गरीबी पर वार करने का फैसला लिया है। सरकार बनने पर 12 हजार से कम आय वाले परिवार की महिला के खाते में प्रतिवर्ष 72 हजार रूपया महीना भेजा जायेगा, जिससे 25 करोड लोग लाभान्वित होगें। कृषि उत्पादों को उचित मूल्य, कृषि में कम लागत, बैंको से ऋण सुविधा के द्वारा हम किसानों को कर्जमुक्त बनाये रखेंगे। कृषि क्षेत्र को विशेष महत्व देते हुए हम अलग से किसान बजट प्रस्तुत करेंगे। कांग्रेस, कृषि के विकास की योजनाओं और कार्यक्रमों को बनाने के लिए एक स्थायी राष्ट्रीय आयोग, कृषि विकास और योजना आयोग की स्थापना करेगी। सामान्यत: आयोग की सिफारिशे मानने के लिए सरकार बाध्य होगी। यह आयोग कृषि लागत और मूल्य आयोग का स्थान लेंगी। कृषि ऋण एक दिवानी  मामला है। हम, किसी भी किसान, जो कृषि ऋण चुकाने में असमर्थ है के खिलाफ अपराधिक कार्यवाही करने की अनुमति नहीं देगें।

पुनिया ने कहा कि केन्द्र सरकार में खाली पड़े चार लाख पदों को अगले साल मार्च तक भर दिया जायेगा। प्रदेश सरकारों में खाली पड़े 20 लाख पदों को भरने का काम किया जायेगा। ग्राम पंचायत और नगर पंचायत स्तर पर 10 लाख नये पदों का सृजन कर नियुक्ति करने का काम किया जायेगा। मनरेगा में कार्य दिवस की संख्या 100 से बढ़ाकर 150 कर दिया जायेगा। इस मौके पर जनता दल  प्रदेश कमेटी ने कांग्रेस में विलय किया। कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने वालो में जद यू के प्रदेश अध्यक्ष रमापति चौधरी, महासचिव चंद्रपाल सिंह वर्मा, आर सी सिन्हा, विजेंद्र वर्मा समेत जदयू के कई पदाधिकारी शामिल थे। पुनिया ने कहा कि कांग्रेस, संविधान संशोधन विधेयक पास करवाकर लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान करेगी।

 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »