24 Apr 2024, 08:38:42 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

युगल मुकाबले में भी भारत को मिली हार

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Sep 18 2016 11:09AM | Updated Date: Sep 18 2016 11:09AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। राफेल नडाल और मार्क लोपेज की स्पेनिश जोड़ी ने शनिवार को यहां डेविस कप विश्व ग्रुप प्ले आॅफ के युगल मुकाबले में लिएंडर पेस और साकेत मेनेनी की भारतीय जोड़ी को चार सेट तक चले मुकाबले में  4-6, 7-6, 6-4, 6-4 से शिकस्त दी। इस जीत से स्पेन ने 3-0 की अजेय बढ़त के साथ मुकाबला अपने नाम कर लिया।
 
पहली बार डेविस कप में जोड़ी बनाकर खेल रहे पेस और मेनेनी ने स्पेनिश जोड़ी को तीन घंटे 23 मिनट तक चले मुकाबले में कड़ी टक्कर दी। हालांकि इस हार की वजह से पेस को डेविस कप के युगल मुकाबलों में सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने के लिए अब और इंतजार करना पड़ेगा।
 
नडाल ने दिखाया बेहतर खेल
दिल्ली लॉन टेनिस संघ (डीएलटीए) के आर.के. खन्ना स्टेडियम में एक दिन पहले कलाई की चोट के कारण एकल मुकाबले में कोर्ट पर नहीं उतरे नडाल इस मुकाबले में मार्क लोपेज के साथ रैकेट थामे नजर आए और उन्होंने बेहतर खेल दिखाया। पहले दिन दोनों एकल मुकाबले हारने के बाद भारतीय टीम 0-2 से पीछे थी और ऐसे में उसे अपनी उम्मीदें जीवित बनाए रखने के लिए इस मुकाबले को जीतना जरूरी था। भारतीय जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला सेट 6-4 से अपने नाम किया तो घरेलू दर्शकों के उत्साह का ठिकाना नहीं रहा। 
 
हालांकि भारतीय प्रशंसकों की यह खुशी ज्यादा देर कायम नहीं रह सकी। दूसरे सेट में भारतीय जोड़ी कड़े संघर्ष के बाद दूसरा सेट 6-7 से हार गई। तीसरे सेट में भी पेस-मेनेनी की जोड़ी ने जोरदार मुकाबला किया, लेकिन स्पेनिश जोड़ी ने यहां भी 6-4 से बाजी अपने नाम की। अब सबकी नजरें चौथे सेट पर टिकी हुई थीं। भारतीय जोड़ी शानदार प्रदर्शन करते हुए एक समय 3-0 और फिर 4-1 से आगे हो गई थी, लेकिन फिर स्पेनिश जोड़ी ने शानदार वापसी करते हुए अपनी टीम को 6-4 से जीत दिला दी।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »