20 Apr 2024, 05:39:20 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

US OPEN में बड़ा उलटफेर- फ्रांस के युवा खिलाड़ी ने नडाल को किया बाहर

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Sep 6 2016 11:24AM | Updated Date: Sep 6 2016 11:24AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

न्यूयार्क। फ्रांस के युवा खिलाड़ी लुकास पाउली ने यूएस ओपन टेनिस में बड़ा उलटफेर किया है। उन्होंने पुरुष एकल के मुकाबले में दो बार के चैंपियन स्पेन के राफेल नडाल को हराकर बाहर कर दिया। यह 22 वर्षीय पाउली के कॅरियर की सबसे बड़ी जीत मानी जा रही है। वहीं मौजूदा चैंपियन नोवाक जोकोविक ने आसान जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। 
 
सोमवार को खेले गए पुरुष एकल के मुकाबले में फ्रांस के 22 वर्षीय खिलाड़ी और विश्व में 25वें नंबर के पाउली ने स्पेनिश सुपरस्टार नडाल को  6-1, 2-6, 6-4, 3-6, 7-6 से हराया। पाउली विंबलडन के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे थे। 2004 के बाद ये पहला मौका है जब 30 वर्षीय नडाल किसी भी ग्रैंड स्लैम के क्वॉर्टर फाइनल में नहीं पहुंच सके हैं। वह कलाई की चोट के कारण फ्रेंच ओपन के तीसरे दौर से हट गए थे और इस कारण विंबलडन में भी नहीं खेल पाए थे। 
 
जोकोविक ने एडमंड को हराया
विश्व के नंबर एक खिलाड़ी जोकोविक को अंतिम आठ में जगह बनाने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। उन्होंने विश्व में 84वीं रैंकिंग के ब्रिटिश खिलाड़ी काइल एडमंड को 6-2, 6-1, 6-4 से पराजित किया। एडमंड पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के क्वार्टर फाइनल में खेल सकते थे, लेकिन सर्बियाई खिलाड़ी के सामने उनकी एक नहीं चली।
 
जोकोविक क्वार्टर फाइनल में 9वीं वरीयता प्राप्त फ्रांसीसी जो विल्फ्रेड सोंगा से भिड़ेंगे, जिन्होंने अमेरिका के जैक सोक को 6-3, 6-3, 6-7, 6-2 से हराया। पाउली और सोंगा के अलावा गेल मोनफिल्स तीसरे फ्रांसीसी खिलाड़ी हैं, जो अंतिम आठ में पहुंचने में सफल रहे। मोनफिल्स ने साइप्रस के मार्कोस बागदातिस को 6-3, 6-2, 6-3 से हराया। अब क्वार्टर फाइनल में पाउली और मोनफिल्स आमने-सामने होंगे। 
 
एंजलिक केरबर के पास मौका
महिला एकल वर्ग में जर्मनी की एंजलिक केरबर ने क्वार्टर फाइनल में पहुंचकर विश्व में नंबर एक खिलाड़ी बनने की अपनी संभावनाएं बढ़ा दी हैं। यदि सेरेना को अपनी नंबर एक कुर्सी बचाए रखनी है तो इसके लिए उन्हें हर हाल में फाइनल में पहुंचना होगा। केरबर ने पेत्रा क्वितोवा को 6-3, 7-5 से हराया। यदि केरबर फाइनल में पहुंचती हैं तो फिर सेरेना खिताब जीतने पर ही शीर्ष पर बनी रह सकती हैं।  
 
केरबर क्वार्टर फाइनल में इटली की 7वीं वरीयता रॉबर्टा विंसी से भिड़ेंगी, जिन्होंने उक्रेन की लेसिया सुरेंको को 7-5, 6-2 से हराया। महिला एकल के अन्य मुकाबलों में  डेनमार्क की केरोलिना वोज्नियाकी ने 8वीं वरीयता प्राप्त मेडिसन कीज को 6-3, 6-4 से और एनस्तेसिया सेवात्सोवा ने जोहाना कोंटा को 6-4, 7-5 से मात दी।
 
बोपन्ना का अभियान खत्म 
भारत के रोहन बोपन्ना और कनाडा की उनकी जोड़ीदार गैब्रिएला दाब्रोवस्की को पहला सेट जीतने के बावजूद मिश्रित युगल के क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। बोपन्ना-गैब्रिएला को कोलंबिया के रॉबर्ट फराह और जर्मनी की एना लेना ग्रोएनफेल्ड ने 58 मिनट चले मुकाबले में  1-6, 6-2, 10-8 से हराया। इसके साथ ही अमेरिकी ओपन में बोपन्ना का अभियान खत्म हो गया।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »