20 Apr 2024, 10:49:11 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Business

शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव, भारी गिरावट के बाद संभला सेंसेक्स

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Sep 21 2018 2:50PM | Updated Date: Sep 21 2018 5:26PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। शेयर बाजार में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सेंसेक्स ने अचानक 1500 पॉइंटस का गोता लगा दिया। एक और 'ब्लैक फ्राइडे' की आशंका ने निवेशकों की धड़कनें थाम दीं। राहत की बात यह रही कि बाजार जितनी तेजी से गिरा, उतनी ही तेजी से उसने रिकवरी भी कर डाली। लेकिन इन कुछ पलों ने बाजार में अफरातफरी जरूर मचा दी। गिरावट की मुख्य वजह यस बैंक के सीईओ राणा कपूर के खिलाफ आरबीआई की सख्ती मानी जा रही है। 

शुक्रवार को हफ्ते के आखिरी करोबारी दिन सेंसेक्स और निफ्टी अच्छी बढ़त के साथ खुले। शुरुआती कारोबार के दौरान तेजी देखी गई। लेकिन दोपहर में अचानक सेंसेक्स ने गोता लगा दिया। दोपहर एक बजे के बाद एक समय सेंसेक्स करीब 1,500 अंक नीचे गिर गया था, जो नोटबंदी के बाद से सबसे बड़ी गिरावट थी। नैशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 11,000 के आंकड़े से करीब साढ़े तीन सौ पॉइंट नीचे पहुंच गया। यह गिरावट कुछ ही पलों के लिए रही। जल्द ही बाजार ने तेजी से रिकवरी कर ली। 

शेयर बाजार में इस गिरावट के पीछे यस बैंक के सीईओ राणा कपूर पर आरबीआई की कार्रवाई को माना जा रहा है। आरबीआई ने यस बैंक को 31 जनवरी, 2019 तक पद पर बने रहने की इजाजत दी है। केंद्रीय बैंक ने यस बैंक को 4 महीने के भीतर कपूर का उत्तराधिकारी चुनने का आदेश दिया है। 
 
इस गिरावट में सबसे ज्यादा बैंकिंग कंपनियां और हाउजिंग फाइनैंस कंपनियां पिटी हैं। फिलहाल एक्सपर्ट्स का कहना है कि शेयरधारकों को घबराने की जरूरत नहीं है। बाजार की गिरावट की वजह से DHFL के शेयर करीब 50 प्रतिशत और यस बैंक के शेयर करीब 30 प्रतिशत तक नीचे लुढ़क गए। यस बैंक के सीईओ राणा कपूर के कार्यकाल को समय से पहले खत्म करने के आरबीआई के फैसले का बैंक के शेयरों पर काफी असर पड़ा है। लिस्टिंग के बाद से यस बैंक के शेयरों में यह सबसे बड़ी गिरावट है।
 
शुक्रवार को यस बैंक के शेयरों में करीब एक तिहाई तक की गिरावट देखने को मिल रही है, जिससे बैंक के मार्केट वैल्यू में एक झटके में 3 अरब डॉलर (करीब 21,700 करोड़ रुपये) की कमी आ चुकी है। 
 
बता दें कि शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में बाजार हरे निशान के ऊपर खुला था। इसमें बीएसई के 30 कंपनियों के शेयर पर आधारित सेंसेक्स 305.88 अंक यानी 0.82% के सुधार के साथ 37,427.10 अंक पर खुला था। इसी तरह नैशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 84.15 अंक यानी 0.75% की बढ़त के साथ 11,318.50 अंक पर था। 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »