24 Apr 2024, 20:37:04 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Business

छह दिन बाद शेयर बाजार में लौटी तेजी

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jul 26 2019 5:35PM | Updated Date: Jul 26 2019 5:36PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। बैकिंग और वित्तीय क्षेत्र के साथ ही वाहन कंपनियों में हुई लिवाली से घरेलू शेयर बाजारों में छह दिन की गिरावट के बाद शुक्रवार को तेजी लौट आयी। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 51.81 अंक यानी 0.14 प्रतिशत की तेजी में 37,882.79 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 32.15 अंक यानी 0.29 प्रतिशत चढ़कर 11,284.30 अंक पर बंद हुआ। लगातार छह कारोबारी दिवसों तक गिरने के बाद बाजार में तेजी आयी है।
 
वाहन क्षेत्र के सूचकांक में सबसे ज्यादा लगभग दो प्रतिशत की तेजी रही। सीडीजीएंडएस और बैंकिंग समूहों में भी एक फीसदी से अधिक की तेजी रही। ऊर्जा क्षेत्र का सूचकांक एक प्रतिशत लुढ़क गया। सेंसेक्स की कंपनियों में येस बैंक ने सबसे ज्यादा करीब 10 फीसदी का मुनाफा कमाया। बजाज फाइनेंस के शेयर सात प्रतिशत और हीरो मोटोकॉर्प तथा मंहिंद्रा एंड महिंद्रा के तीन प्रतिशत से ज्यादा चढ़े। वेदांता में सबसे ज्यादा सवा चार फीसदी की गिरावट रही।
 
सेंसेक्स 0.20 अंक की मामूली बढ़त में 37,831.18 अंक पर खुला। एशियाई बाजारों में रही गिरावट के दबाव में खुलने के कुछ देर बाद ही यह लाल निशान में चला गया। कारोबार के दौरान 37,690.47 अंक के दिवस के निचले स्तर तक उतरने के बाद बाजार ने एक बार फिर वापसी की। बैकिंग एवं वित्तीय तथा ऑटो क्षेत्र की कंपनियों में लिवाली से इसे समर्थन मिला।
 
यूरोपीय बाजारों के तेजी में खुलने से एक समय सेंसेक्स 37,978.07 अंक के दिवस के उच्चतम स्तर पर पहुँच गया। कारोबार की समाप्ति पर यह 51.81 अंक की तेजी में 37,882.79 अंक पर पहुँच गया। सेंसेक्स की 30 में से 17 कंपनियों के शेयर बढ़त में और शेष 13 के गिरावट में रहे। निफ्टी 4.70 अंक की गिरावट में 11,247.45 अंक पर खुला और 11,210.05 अंक के दिवस के निचले स्तर तक उतर गया।
 
कारोबार की समाप्ति से पहले 11,307.60 अंक के दिवस के उच्चतम स्तर से होता हुआ यह गत दिवस की तुलना में 32.15 अंक ऊपर 11,284.30 अंक पर बंद हुआ। बीएसई में 2,663 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 1,321 में तेजी और 1,187 में गिरावट रही जबकि अन्य 155 कंपनियों के शेयरों के भाव अपरिवर्तित रहे।
 
मझौली और छोटी कंपनियों में भी तेजी रही। बीएसई का मिडकैप 0.53 प्रतिशत चढ़कर 13,856.19 अंक पर और स्मॉलकैप 0.22 प्रतिशत की बढ़त में 13,060.34 अंक पर बंद हुआ। 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »