28 Mar 2024, 18:58:04 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

हर पंचायत मुख्यालय में खुलेंगी गौ-शालाएं : कमलनाथ

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Feb 20 2020 5:23PM | Updated Date: Feb 20 2020 5:23PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि हर पंचायत मुख्यालय में गौ-शालाएं खुलेंगी। कमलनाथ आज यहां जिले के ग्राम उमरहर में आदर्श गौ-शाला का लोकार्पण कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गौ-वंश के संरक्षण के साथ ही गौ-शालाएं ग्रामीण क्षेत्रों में आय वृद्धि का साधन बनें सरकार इस लक्ष्य के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में हर पंचायत मुख्यालय में गौ-शालाओं का निर्माण किया जा रहा है। सरकार बनते ही वचन पत्र के इस वादे को पूरा किया है।
 
यह गौ-शाला 30 लाख रुपये की लागत से बनाई गई है। उन्होंने कहा कि गौ-संरक्षण के प्रति सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि गौ-मूत्र और गोबर से जैविक खेती को बढ़ावा देने के साथ ही इनके विभिन्न उत्पादों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। जिससे गौ-पालन से जुड़े लोगों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि वचन पत्र के वादे के मुताबिक सरकार क्रमबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश में गौ-शालाओं का निर्माण कर रही है। छिंदवाड़ा जिले में 31 गौ-शालाएं बनाई जाएंगी।
 
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के विकास के लिए एक नए नजरिए और दृष्टिकोण के साथ काम कर रही है। रोजगार के लिए निवेश का एक नया माहौल बनाया गया है जिसके हमें परिणाम भी मिलने शुरु हो गए हैं। इसके लिए उद्योग स्थापना से जुड़ी प्रक्रियाओं को सुगम और सरल बनाया गया है। निवेशकों का इससे विश्वास बढ़ा है। उन्होंने बताया कि युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए शिक्षा के स्तर में व्यापक सुधार का प्रयास किया जा रहा है।
 
युवाओं के साथ ही किसानों और आम जनता की जरूरतों से जुड़ी योजनाएं बनायी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि घोषणाएं न करके यह सरकार जमीनीस्तर पर काम करके जनता का विश्वास प्राप्त करना चाहती है।  मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास का आधार छिंदवाड़ा मॉडल को बनाया गया है और इस तर्ज पर सभी क्षेत्रों में विकास की पहल की गई है। जिले के प्रभारी मंत्री सुखदेव पांसे ने कहा कि सरकार आम जनता की आस्था को ध्यान में रखकर काम कर रही है।
 
एक साल के कार्यकाल में वचन पत्र के 365 बिन्दुओं को पूरा किया गया है। किसानों की ऋण माफी, बिजली बिल में राहत, दोगुनी पेंशन राशि के साथ ही कन्यादान योजना की राशि भी बढ़ाकर 51 हजार रुपये की गई है। सांसद नकुल नाथ ने कहा कि गौ सेवा हमारी परंपरा ही नहीं बल्कि कर्तव्य भी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जिस तेजी के साथ गौ-शालाओं का निर्माण कर रही है। गौ वंश का संरक्षण एवं संवर्धन कर रही है इससे हमारे प्रदेश का हर ग्राम मथुरा, वृंदावन वन जाएगा।
 
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर ड्रोन के माध्यम से कीटनाशक छिड़काव की आधुनिक पद्धति की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने कृषि क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए संगम-स्व-सहायता समूह को 2.50 लाख रुपये और अहिल्या स्व-सहायता समूह को एक लाख रुपये प्रदान कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने राहुल विश्वकर्मा को मुख्यमंत्री स्व-रोजगार योजना के स्वीकृति पत्रों का वितरण भी किया। इस कार्यक्रम में अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री लखन घनघोरिया एवं पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना मौजूद थे।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »