नई दिल्ली। वैश्विक अर्थव्यवस्था में उथल पुथल के बावजूद चालू वित्त वर्ष में विशेष आर्थिक क्षेत्रों (सेज) से निर्यात का आंकड़ा 100 अरब डालर के पार पहुंच गया है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने मंगलवार को यहां बताया कि वित्त वर्ष 2019..20 में 17 फरवरी 2020 तक सेज से होने वाले निर्यात ने 100 अरब डालर का आंकडा पार कर लिया है। इसी अवधि में सेवा क्षेत्र का निर्यात रुपए के संदर्भ 23.69 प्रतिशत बढ़ा है। वित्त वर्ष 2018..19 में सेज से कुल निर्यात 100 अरब डालर का ही रहा था।
आंकड़ों के अनुसार सेवा क्षेत्र में सर्वाधिक हिस्सेदारी सूचना प्रौद्योगिकी और सूचना प्रौद्योगिकी सेवा क्षेत्र की रही है। विनिर्माण क्षेत्र में लगभग चार प्रतिशत की वृद्धि हुई है। आलोच्य अवधि में देश में 241 सेज संचालन में हैं जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष में 235 सेज काम रहे थे। आंकड़ों के अनुसार चालू वित्त वर्ष में अभी तक वस्तु निर्यात 42 अरब 70 करोड़ डालर और सेवा क्षेत्र का निर्यात 57 अरब 89 करोड़ डालर रहा है।
आलोच्य अवधि में वस्तु निर्यात में 2.97 प्रतिशत और सेवा क्षेत्र में 22.61 प्रतिशत की तेजी आयी है। चालू वित्त वर्ष में रत्न एवं आभूषण के निर्यात में 13.3 प्रतिशत, व्यापार एवं माल लदान में 35 प्रतिशत, चमड़ा एवं जूता चप्पल में 15 प्रतिशत, गैर परंपरागत ऊर्जा में 47 प्रतिशत, कपड़ा एवं परिधान में 17.6 प्रतिशत की तेजी आयी है।