नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के रानी झांसी रोड के निकट अनाज मंडी में रविवार को भीषण अग्निकांड पर गहरा दुख व्यक्त किया। कोविंद ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, ‘‘दिल्ली के अनाज मंडी में आग लगने की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं प्रभावित परिवारों के साथ है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय अधिकारी लोगों को बचाने और उनकी मदद करने की हरसंभव कोशिश कर रहे हैं।
मोदी ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुये ट्वीट किया, दिल्ली के रानी झांसी रोड के निकट अनाज मंडी में लगी आग बहुत भीषण है। हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के साथ मेरी संवेदनाए हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। अधिकारी घटनास्थल पर हरसंभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, दिल्ली के अनाज मंडी मे भीषण आग लगने से कई लोगों की मौत और कई अन्य के घायल होने की खबर से आहत हूं। मृतकों के परिवार के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।