20 Apr 2024, 19:18:02 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

महाकालेश्वर के बाद अब ओंकारेश्वर के विकास की कार्ययोजना

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Dec 6 2019 2:05AM | Updated Date: Dec 6 2019 2:05AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने महाकालेश्वर मंदिर परिसर की 300 करोड़ की विकास योजना के बाद आज ओंकारेश्वर मंदिर की 156 करोड़ की विकास योजना को मंजूरी दी। उन्होंने मंदिर संचालन के लिए एक्ट बनाने को भी कहा है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री कमलनाथ ने यह निर्णय ओंकारेश्वर के विकास के संबंध में तैयार योजना की मंत्रालय में समीक्षा बैठक में लिए।
 
बैठक में आध्यात्म एवं जनसंपर्क मंत्री पी.सी. शर्मा, खंडवा के प्रभारी एवं लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण मंत्री तुलसी सिलावट, गृह मंत्री बाला बच्चन तथा किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री  सचिन यादव बैठक में उपस्थित थे। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश को यह गौरव हासिल है, जहाँ 12 ज्योतिर्लिंग में से दो ज्योतिर्लिंग हैं। महाकाल के बाद दूसरा ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर में है। यह स्थल विश्व पर्यटन केन्द्र के रूप में स्थापित हो यह हमारा लक्ष्य होना चाहिए।
 
उन्होंने ओंकारेश्वर विकास योजना को पूरा करने के लिए समय निर्धारित करने को कहा। उन्होंने कहा कि हर विकास कार्य पूरा करने की तारीख तय हो। मुख्यमंत्री ने मंदिर एक्ट भी शीघ्र तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि हमारी मंशा है कि अगले शीतकालीन सत्र में यह एक्ट पेश किया जा सके। मुख्यमंत्री ने योजना के शिलान्यास के लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में कमेटी बनाने के निर्देश दिए। यह कमेटी विकास कार्य की प्रगति पर निगरानी रखेगी। ऊँकार सर्किट योजना के अंतर्गत महाकाल-महेश्वर के साथ ओंकारेश्वर विकास की योजना मुख्यमंत्री के निर्देश पर तैयार की गई है।
 
लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण मंत्री तुलसी सिलावट ने निरंतर योजना बनाने के संबंध में बैठक की और इसे अंतिम रूप दिया। आज मंत्रालय में यह योजना मुख्यमंत्री के सामने प्रस्तुत की गई। योजना में विकास का एक विस्तृत विवरण तैयार किया गया है। इसमें ओंकारेश्वर के प्रवेश द्वार को भव्य बनाना, मंदिर का संरक्षण, प्रसाद काउंटर, मंदिर के चारों और विकास और सौंदर्यीकरण, शॉंपिग काम्प्लेक्स, झूलापुल और विषरंजन कुंड के पास रिटेंनिग वॉल, बहुमंजिला पार्किंग, पहुँच मार्ग परिक्रमा पथ का सौंदर्यीकरण, शेड निर्माण, लेंडस्केंपिग, धार्मिक, पौराणिक गाथा  पुस्तकों की लायब्रेरी, ओंकार आइसलैंड का विकास, गौमुख घाट पुनर्निर्माण, भक्त निवास और भोजनशाला, ओल्ड पैलेस, विष्णु मंदिर, ब्रम्हा मंदिर, चंद्रेश्वर मंदिर का जीर्णोद्धार, ई-साइकिल, ई-रिक्शा सुविधा, बोंटिग, आवागमन, बस स्टेंड, पर्यटक सुविधा केन्द्र सहित अन्य विकास कार्य शामिल हैं।
 
बैठक में मुख्य सचिव एस.आर. मोहंती, अपर मुख्य सचिव आध्यात्म मनोज श्रीवास्तव, अपर मुख्य सचिव वित्त अनुराग जैन, प्रमुख सचिव लोक निर्माण मलय श्रीवास्तव, प्रमुख सचिव संस्कृति पंकज राग, प्रमुख सचिव नगरीय विकास संजय दुबे, आयुक्त इन्दौर संभाग आकाश त्रिपाठी एवं कलेक्टर खंडवा सुश्री तन्वी सुन्द्रियाल उपस्थित थीं।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »