विजयवाड़ा। तेलुगू देशम पार्टी (तेदपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन. चन्द्रबाबू नायडू ने शनिवार को अयोध्या में रामजन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद मामले में उच्चतम न्यायालय के फैसले का सम्मान करने और सांप्रदायिक सद्भाव बनाये रखने की अपील की। नायडू ने ट्विटर पर लिखा कि शीर्ष अदालत का आज अयोध्या राम मंदिर के मामले में फैसला आया है। उन्होंने कहा, ‘‘यह महत्वपूर्ण है कि हम अपनी धार्मिक मान्यताओं के कारण अपना विवेक नहीं खोयें।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आइए हम सभी शीर्ष अदालत के फैसले का सम्मान करें और समाज में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने के लिए एकजुट हों।