20 Apr 2024, 17:29:03 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

मध्यप्रदेश : झाबुआ में सोमवार सुबह शुरू होगा मतदान

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Oct 20 2019 11:50AM | Updated Date: Oct 20 2019 11:50AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

झाबुआ। मध्यप्रदेश के झाबुआ विधानसभा उपचुनाव के लिए सख्त सुरक्षा प्रबंधों के बीच सोमवार सुबह सात बजे मतदान प्रारंभ होगा। क्षेत्र में 356 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार अनुसूचित जनजाति (अजजा) के लिए सुरक्षित इस सीट के लिए मतदान शाम तक चलेगा और मतों की गिनती 24 अक्टूबर को होगी। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से मतदान कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध कर लिए गए हैं। मतदान दलों की रवानगी का कार्य भी चल रहा है।
 
झाबुआ विधानसभा उपचुनाव में 02 लाख 77 हजार 599 मतदाता मतदान कर सकेंगे, जिनमें एक लाख 39 हजार 330 पुरुष तथा एक लाख 36 हजार 266 महिला और तीन 'थर्ड जेंडर' मतदाता शामिल हैं। झाबुआ में मुख्य मुकाबला कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया और भाजपा के युवा नेता भानु भूरिया के मध्य है। हालाकि इन दोनों के समेत कुल पांच प्रत्याशियों की किस्मत इस क्षेत्र में दाव पर लगी है। झाबुआ में भाजपा विधायक जी एस डामोर के रतलाम-झाबुआ संसदीय सीट से भाजपा के ही टिकट पर सांसद चुने जाने के कारण विधायक पद से त्यागपत्र देने के चलते यहां पर उपचुनाव हो रहा है।
 
राज्य की दस माह पुरानी कांग्रेस सरकार की प्रतिष्ठा भी इस चुनाव में दाव पर लगी है। मुख्यमंत्री कमलनाथ स्वयं इस उपचुनाव में प्रचार के लिए कई बार गए और लगभग दर्जन मंत्रियों ने भी प्रचार किया। वहीं भाजपा ने भी इस सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखने के लिए पूरी ताकत लगायी है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह और विधानसभा में विपक्ष के नेता गोपाल भार्गव के अलावा वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय ने भी इस आदिवासी अंचल में प्रचार किया है। 
 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »