25 Apr 2024, 21:04:08 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

जेटली ने देश को दुनिया की सबसे तेज गति वाली अर्थव्यवस्था बनाया : शाह

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Aug 24 2019 3:13PM | Updated Date: Aug 24 2019 3:13PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पार्टी के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली को भारतीय अर्थव्यवस्था को सबसे तेजगति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बनाने वाला शख्स करार दिया है और उनके निधन को देश की राजनीति में एक गहरा शून्य बताया है जिसकी भरपाई संभव नहीं है। भाजपा अध्यक्ष एवं केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने शोक संदेश में जेटली को मोदी सरकार के गरीब कल्याण कार्यक्रमों तथा विमुद्रीकरण एवं वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) जैसे सुधारों को जमीन पर उतारने वाला एक सक्षम प्रशासक और संवेदनशील राजनेता निरूपित किया।
 
शाह ने कहा, ‘‘ मैं अरुण जेटली जी के निधन से अत्यंत दु:खी हूँ, जेटली जी का जाना मेरे लिये एक व्यक्तिगत क्षति है। उनके रूप में मैंने न सिर्फ संगठन का एक वरिष्ठ नेता खोया है बल्कि परिवार का एक ऐसा अभिन्न सदस्य भी खोया है जिनका साथ और मार्गदर्शन मुझे वर्षों तक प्राप्त होता रहा। खुशमिजाज व्यक्तित्व वाले जेटली जी से मिलना और उनसे विचार-विमर्श करना सभी के लिए एक सुखद अनुभव होता था।’’ उन्होंने कहा कि आज जेटली के जाने से देश की राजनीति और भारतीय जनता पार्टी में एक ऐसी रिक्तता आयी है जिसकी भरपाई होना जल्दी संभव नहीं है।
 
अपने अद्वितीय अनुभव और विरले क्षमता से श्री जेटली ने संगठन और सरकार में विभिन्न दायित्वों का निर्वाह किया। एक प्रखर वक्ता और समर्पित कार्यकर्ता जेटली ने देश के वित्त मंत्री, रक्षा मंत्री और राज्य सभा में नेता विपक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों के दायित्व को पूरी कुशलता से निभाया। शाह ने कहा कि मोदी सरकार के 2014-19 के कार्यकाल के दौरान देश के वित्त मंत्री के रूप में उन्होंने अपनी अमिट छाप छोड़ी और मोदी जी की गरीब कल्याण की परिकल्पनाओं को जमीन पर उतारा और हिन्दुस्तान को विश्व की सबसे तेज गति से आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था के रूप में प्रतिष्ठित किया।
 
उन्होंने कहा, ‘‘काले धन पर कार्रवाई की बात हो, एक देश-एक कर ‘जीएसटी' के स्वप्न को साकार करने की बात हो, विमुद्रीकरण की बात हो या आम आदमी को राहत पहुंचाने की बात, उनके हर निर्णय में देश और देश की जनता का कल्याण निहित था। देश उनके अत्यंत सरल एवं संवेदनशील व्यक्तित्व के लिए उन्हें सदैव याद रखेगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि वह दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और शोक संतृप्त परिवार को यह वियोग सहन करने की शक्ति दे।’’
 
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने अपने शोक संदेश में कहा कि श्री जेटली का निधन उनके लिए असहनीय है। उन्होंने कहा कि  जेटली ने अपना सम्पूर्ण जीवन समाज और भाजपा को समर्पित कर दिया। विगत कई वर्षों में हर विषय पर उनका मार्गदर्शन मिला। उन्होंने कहा, ‘‘ जेटली के जाने से भारतीय राजनीति में जो शून्य आया है, उसकी पूर्ति  कभी नहीं हो सकती है।
 
संसद के अंदर उनके प्रभावी भाषणों की गूंज, कठिन से  कठिन समस्या के समय भी उनका मुस्कराता हुआ चेहरा सदैव हमारे साथ रहेगा और उनके विचार सदैव हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे।’’ श्री नड्डा ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वह जेटली की आत्मा को शान्ति प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को इस क्षति को सहने की शक्ति दे।।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »