18 Apr 2024, 06:12:01 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

भाईचारे, हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ईद उल अजहा

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Aug 13 2019 12:04AM | Updated Date: Aug 13 2019 12:04AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। कुरबानी का प्रतीक ईद-उल-अजहा सोमवार को जम्मू-कश्मीर, दिल्ली समेत पूरे देश में भाईचारे और हर्षोल्लास के साथ पारंपरिक रूप से मनाया गया। ईद-उल-जुहा के मौके पर देश भर में विभिन्न मस्जिदों में नमाज के बाद लोग एक-दूसरे से गले मिले और ईद की बधाइयां दी। गैर-मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भी मुस्लिम भाइयों से गले लगकर बधाई दी। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं ने देशवासियों को ईद-उल-जुहा की बधाई दी। जम्मू-कश्मीर में ईद-उल-अजहा का पर्व पारंपरिक हर्षोल्लास के माहौल में मनाया गया।

जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा प्रदान करने वाले अनुच्छेद 370 के निष्प्रभावी होने के बाद यह पहला पर्व था, जिसे देखते हुए प्रशासन ने हर प्रकार की सतर्कता बरती। प्रशासन की तरफ से विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों पर नमाज के समय के लिए पहले ही कार्यक्रम जारी किया गया था। श्रीनगर में लाल चौक, ऐतिहासिक जामिया मस्जिद और आसपास के मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गयी। जम्मू में ईद की मुख्य नमाज रेजीडेंसी रोड पर स्थित ईदगाह में अदा की गयी जहां शहर के विभिन्न हिस्सों से आए हजारों मुस्लिमों ने सुबह नमाज अदा की। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी कई जगहों पर नमाज अदा करने के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों को ईद की मुबारकबाद देते नजर आये। इस मौके पर बेकरी, मांस और मिठाई की दुकानों पर खरीदारों की काफी भीड़ देखी गयी।

इसी बीच राज्य के राजौरी और पुंछ में मोबाइल फोन कनेक्टिवटी बहाल की गयी जिससे स्थानीय लोग ईद की मुबारकबाद का आदान-प्रदान कर सकें। घाटी के अन्य हिस्सों में शांतिपूर्ण त्योहार मनाये जाने की रिपोर्टें हैं। दिल्ली में ऐतिहासिक जामा मस्जिद में मुख्य इमाम ने ईद की नमाज अदा करायी। इसके अलावा विभिन्न मस्जिदों में नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकवाद दी। पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश सहित समूचे पश्चिमोत्तर क्षेत्र में आज ईद उल जुहा के मौके पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के बच्चे, बूढ़े और नौजवानों ने नमाज अदा की और देश में शांति और भाईचारे के लिये दुआ मांगी। पंजाब के राज्यपाल बी पी बदनोर,मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मुस्लिम बहनों तथा भाइयों को ईद की शुभकामना दी।

मुस्लिम भाई सुबह सबेरे अपेन इलाकों के ईदगाह और मस्जिदों में पहुंचे तथा नमाज अदा की। उत्तराखंड में बारिश के बीच मुस्लिम अकीदतमंदों ने ईद-उल-अजहा का त्योहार पूरे जोश के साथ मनाया। देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, नैनीताल और उधमसिंह नगर जनपद स्थित ईदगाह में जब नमाजी ईद की नमाज अदा करने जा रहे थे, उस वक्त अधिकांश स्थानों पर बारिश हो रही थी। इस कारण, ईदगाहों में नमाजियों के पहुंचने में बाधा उत्पन्न हुई और इस कारण नमाजियों को मजबूरन अपने घरों या आसपास की मस्जिदों में नमाज अदा करनी पड़ी। राजस्थान में सूफी संत ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ती की नगरी अजमेर में अकीदतमंदों ने विशेष नमाज अदा कर देश में अमनो-अमान, खुशहाली, भाईचारे एवं तरक्की की दुआ की।

पैगंबर हजरत इब्राहिम की सुन्नत के रूप में आम मुस्लिम समाज ने सामूहिक नमाज में शिरकत करने के बाद एक दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। ख्वाजा साहब की दरगाह स्थित विभिन्न मस्जिदों के अलावा कचहरी मस्जिद, मस्जिद घंटाघर, संदली मस्जिद, शहांजहानी मस्जिद, रातीडांग ईदगाह, सूफी मस्जिद सोमलपुर पर भी नमाज अदा की गयी। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ समेत सभी स्थानों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की गयी तथा देश में अमन, शांति और भाइचारे की दुआ मांगी गयी। लखनऊ में ईद-उल-अजहा की सबसे बड़ी जमात ऐशबाग ईदगाह, आसिफी मस्जिद और टीले वाली मस्जिद में लगी जबकि शाहनजफ इमामबाड़े में शिया-सुन्नी समुदाय ने एक साथ अदा कर एकता और भाईचारे का संदेश दिया।

नमाज के बाद लोगों ने गले मिलकर एक दूसरे को ई-उल-अजहा की मुबारकबाद दी। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव,बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती,राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष मसूद अहमद और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने मुस्लिम समुदाय को ई-उल-अजहा की मुबारकबाद दी है। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में इंदिरा गांधी सारणी पर हजारों की संख्या में मुस्लिम धर्मावलम्बी एकत्र हुए।

उन्होंने यहां किलापत समिति की ओर आयोजित नमाज में हिस्सा लिया। मुख्य नमाज नकहोड़ा मस्जिद में अदा की गयी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने समूचे प्रदेशवासियों को ईद-उल-अजहा  की बधाई दी। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल ईद-उल-अजहा का त्योहार शांति और भाईचारे से परंपरानुसार मनाया गया। यहां ईदगाह पर शहर काजी मौलाना सैयद मुश्ताक अली नदवई ने ईद की नमाज अता करवाई ओर देश में अमन चैन की दुआ मांगी। बाद में वहां मौजूद सभी लोगों ने एक दूसरे से गले मिल कर ईद की मुबारकबाद दी। ईदगाह पर ईद की नमाज अता करने के बाद यहां जामा मस्जिद, ताजुल मसाजिद, मोती मस्जिद सहित शहर में एक सौ से भी अधिक मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गयी। प्रदेश में इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर सहित सभी शहरों से ईद-उल-अजहा मनाये जाने की खबरें हैं।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »