नई दिल्ली। द्रोणाचार्य अवार्डी महाबली सतपाल ने दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि वह दिल्ली के खिलाडियों की सबसे बड़ी हमदर्द थीं। दिल्ली की तीन बार मुख्यमंत्री रही और मौजूदा दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित का शनिवार को यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 81 वर्ष की थीं। सतपाल ने शीला दीक्षित के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि भारत के ओलम्पिक में कुश्ती में पदक जीतने में शीला दीक्षित का बड़ा योगदान था क्योंकि उन्होंने हमेशा कुश्ती को बढ़ावा दिया था।
सतपाल ने कहा कि दिल्ली का छत्रसाल स्टेडियम शीला दीक्षित की ही देन है और इसी स्टेडियम के अखाड़े से सुशील कुमार और योगेश्वर दत्त जैसे ओलम्पिक पदक विजेता पहलवान निकले हैं। उन्होंने कहा कि शीला दीक्षित केवल कुश्ती को ही नहीं बल्कि हर खेल को बहुत प्यार करती थीं और उनके निधन से उन्हें गहरा सदमा पहुंचा है। सतपाल ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री के निधन के शोक में रविवार को छत्रसाल स्टेडियम अखाड़े में अभ्यास बंद रहेगा।