जयपुर। राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल सैनी का सोमवार को दिल्ली में निधन हो गया। सैनी के फैंफड़ों में इंफेक्शन के चलते दिल्ली में इलाज के लिए गए थे। सैनी के निधन से राजस्थान में शोक की लहर दौड़ गई है। कई दिनों से सैनी का स्वास्थ्य खराब चल रहा था। मदनलाल सैनी शुक्रवार को दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। उनका वहां एम्स में उपचार चल रहा था, जहां राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी उनसे मिलने पहुंची थी। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सैनी के निधन पर शोक भी जताया है।
गहलोत ने लिखा, 'राजस्थान बीजेपी अध्यक्ष मदद लाल सैनी जी के निधन के बारे में सुनकर हैरान और दुखी हूं। मेरे विचार और प्रार्थना उनके परिवार के सदस्यों के साथ हैं। भगवान उन्हें इस क्षति को सहने की शक्ति दे। उनकी आत्मा को शांति मिले।' मदन लाल सैनी झुंझुनूं के गुढ़ा विधानसभा से विधायक रहे। मदनलाल सैनी 1952 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक से जुड़े थे। बाद में लगातार संघ के विभिन्न संगठनों में सक्रिय रहे। एबीवीपी के प्रदेश मंत्री भी रहे हैं।
वर्ष 1975 तक वकालत के पेशे से जुडऩे के बाद आपातकाल में जेल में भी रहे। संघ की ओर से सैनी ने भारतीय मजदूर संघ में प्रदेश महामंत्री व अखिल भारतीय कृषि मजदूर संघ के राष्ट्रीय महामंत्री का दायित्व निभाया। 1990 में झुंझुनूं के उदयपुरवाटी विधानसभा से विधायक रहे तथा 1991 व 1996 में लोकसभा में भाजपा के झुंझुनूं से प्रत्याशी रहे। भाजपा में प्रदेश महामंत्री व अनुशासन समिति के सदस्य भी रह चुके। वर्तमान में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के प्रदेश प्रभारी भी रहे है।