बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के छतारी थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच संघर्ष के दौरान गोली लगने से एक युवक की मृत्यु हो गई। घटना में छह अन्य लोग घायल हुये हैं। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को यहां बताया कि गुरुवार शाम खेत में नाली बनाने को लेकर सालाबाद नगला जाट गांव में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया।
उन्होंने बताया कि देखते ही देखते दोनों पक्ष एक-दूसरे से भिड़ गये और इस बीच किसी ने गोली चला दी। गोली नरेंद्र सिंह के बेटे राजा को लगी। उसे उपचार के लिये अस्पताल ले जाया गया जहां युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार इस मामले में नौ लोगों पर नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। तनाव को देखते हुये गांव में बड़ी संख्या में पुलिसबल तैनात है।