रायपुर। व्यावसयिक गतिविधियों के साथ ही रोजगार सृजन के क्षेत्र में गति लाते हुए रेल महकमा अब रेलवे स्टेशनों पर मसाज पार्लर की सुविधा उपलब्ध कराने जा रहा है। पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर सबसे पहले यह सुविधा छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रेलवे स्टेशन पर मिलेगी। विभागीय सूत्रों के मुताबिक रायपुर देश का पहला स्टेशन होगा जहां यात्रियों के थकान को दूर करने के लिए मसाज चेयर लगाने की योजना है। रायपुर रेल मंडल ने मसाज चेयर लगाने के लिए टेंडर जारी कर दिया है।
जल्द ही यहां स्टेशन में तीन मसाज चेयर लग जाएंगे। मिली जानकारी के मुताबिक पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर स्टेशन में मसाज चेयर लगाए जा रहे हैं और यात्रियों के फीडबैक के बाद देश के अन्य स्टेशनों में भी इसकी सुविधा शुरू होगी। पहले 6 महीने के लिए स्टेशन में 3 मसाज चेयर लगाए जाएंगे और इसके बाद इसकी संख्या और अवधि का विस्तार होगा। रायपुर स्टेशन में पहले से ही स्पा और सैलून की सुविधा उपलब्ध है। देश के किसी भी अन्य रेलवे स्टेशन में इस तरह की सुविधा यात्रियों के लिए नहीं है।
एक्जीक्यूटिव लाउंज की भी सुविधा
रायपुर स्टेशन अपने यात्रियों को सुविधा देने के मामले में काफी अव्वल रहा है, इसलिए यहां एग्जिक्यूटिव लाउंज की सुविधा भी आने वाले दिनों में यात्रियों को मिलेगी। लाउंज के लिए भी रायपुर रेल मंडल ने टेंडर जारी कर दिया है। लाउंज में नहाने-धोने से लेकर खाना-नाश्ता सहित कई अन्य सुविधाएं यात्रियों को उपलब्ध होंगी।