28 Mar 2024, 21:16:41 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

राजनीति में कमल हासन का हाल शिवाजी गणेशन जैसा ही होगा : पलानीस्वामी

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Nov 12 2019 6:40PM | Updated Date: Nov 12 2019 6:41PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ई के पलानीस्वामी ने अन्नाद्रमुक की आलोचना किए जाने पर मक्कल निधि मैयम के संस्थापक और मशहूर अभिनेता कमल हासन पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि राजनीति में उनका हश्र शिवाजी गणेशन की तरह ही होगा। पलानीस्वामी ने मंगलवार को कहा कि अगर वह यह दावा करते हैं कि राज्य की राजनीति में शून्य पैदा हो गया है तो उन्होंने हाल ही में नांगूनेरी और वीरावांदी सीटों पर हुए उपचुनाव में हिस्सा क्यों नहीं लिया था।

उन्होंने कहा, ‘‘ कमल हासन बहुत बड़े अभिनेता हैं और वह यह बताए कि मई में हुए लोकसभा चुनावों में उन्हें कितने वोट मिले थे। फिल्मों में उनके लिए अवसर कम होते जा रहे हैं और इसी वजह से उन्होंने राजनीतिक पार्टी का गठन किया था।’’ पलानीस्वामी ने कहा कि हासन यह प्रचार करते हैं कि उन्होंने लोगों के कल्याण के लिए अनेक काम किए हैं लेकिन उन्हें बताना चाहिए कि कौन से काम किए गए हैं।

पलानीस्वामी ने कहा,‘‘ हर कोई जानता है कि जब फिल्मों के सुपरस्टार शिवाजी गणेशन ने राजनीतिक पार्टी की शुरुआत कर चुनावों का सामना किया था  तो उनका क्या हाल हुआ था और कमल हासन का भी यही हाल होगा। कमल हासन को तो यह जानकारी भी नहीं है कि राज्य में कितनी पंचायतें,नगर निगम और नगरपालिकाएं हैं।’’ राज्य में पांच हजार करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाओं में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से कटौती  के बारे में एक सवाल के जवाब में पलानीस्वामी ने कहा कि ऐसा जमीन अधिगृहीत करने और इसके स्वामित्व में देरी से हुआ है और यह सब जनता के विरोध तथा जनहित याचिकाओं के चलते हुआ है।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »