28 Mar 2024, 17:51:16 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

डीजीपी ने किया शोपियां का दौरा, सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Oct 17 2019 6:52PM | Updated Date: Oct 17 2019 6:52PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

अनंतनाग। जम्मू-कश्मीर में तीन दिन में तीन गैर स्थानीय व्यापारियों की हत्या के बाद पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दिलबाग सिंह ने गुरुवार को शोपियां जिले का दौरा किया तथा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। सिंह ने समीक्षा बैठक में कहा कि शोपियां में बुधवार रात व्यापारियों पर हमले के लिए जिम्मेदार आतंकवादियों की पहचान कर ली गयी है और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बागानों में सुरक्षा बलों की तैनाती की गयी है तथा सेब खरीदने यहां आये गैर स्थानीय व्यापारियों और श्रमिकों को सुरक्षा दी जायेगी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि डीजीपी ने गुरुवार को शोपियां का दौरा किया और विभिन्न जांच एजेंसियों के अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की।
 
बैठक के दौरान डीजीपी ने जिले में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। सिंह ने कहा कि बाहर से आये व्यापारियों के लिए एक स्थान निर्धारित किया जायेगा जहां उन्हें समुचित सुरक्षा मुहैया करायी जायेगी। बागानों से फल तोड़कर भी एक निर्धारित स्थान पर पहुंचाये जाएंगे जहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रहेंगे। इसी स्थान से अन्य राज्यों में फल भेजे जाएंगे तथा जम्मू तक के मार्ग में सुरक्षाकर्मी तैनात किये जाएंगे। गौरतलब है कि पंजाब के एक व्यापारी की बुधवार रात अज्ञात बंदूकधारियों ने हत्या कर दी और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सोमवार से इस तरह की यह तीसरी घटना थी। पुलवामा में सोमवार रात को राजस्थान निवासी चालक शरीफ खान की बंदूकधारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी और बुधवार को छत्तीसगढ़ के एक श्रमिक की हत्या कर दी गयी थी। 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »