उज्जैन। मध्यप्रदेश के मालवांचल के उज्जैन संभाग में हुई भारी बारिश के बाद हुए नुकसान का केंद्र सरकार की ओर से भेजे गए दल ने आकंलन किया। इस दौरान केन्द्रीय दल ने पिछले दो दिन में उज्जैन, आगर, देवास एवं शाजापुर जिलों में हुए नुकसान का जायजा दिया। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, संयुक्त सचिव संदीप पौण्डरिक के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में अतिवृष्टि एवं बाढ़ से हुई क्षति का आंकलन कल किया गया।
अन्तर मंत्रालयीन केन्द्रीय दल ने आगर-मालवा जिले में अतिवृष्टि एवं बाढ़ से हुई क्षति की जानकारी प्राप्त की तथा जिले के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर फसल नुकसानी एवं मकान क्षति का जायजा लिया गया। केन्द्रीय दल द्वारा संभाग के आगरमालवा में उज्जैन संभागायुक्त अजीत कुमार, आगरमालवा कलेक्टर संजय कुमार, उज्जैन कलेक्टर शशांक मिश्र, शाजापुर कलेक्टर विरेन्द्र रावत, देवास कलेक्टर श्रीकान्त पांडे से चर्चा कर जिलों में अतिवृष्टि एवं बाढ़ से हुई क्षति जानकारी प्राप्त की गई।
चारों जिला कलेक्टरों द्वारा अपने-अपने जिले में अति-वृष्टि एवं बाढ़ से हुई क्षति की जानकारी पॉवर प्वाईंट प्रजेंटेशन के माध्यम से दी गई। दल द्वारा कृषि वैज्ञानिकों से भी फसल नुकसानी के बारे में चर्चा कर जानकारी ली गई। केन्द्रीय दल ने आगर तहसील के ग्राम आवर पहुंचकर अति-वृष्टि से क्षतिग्रस्त मकानों का निरीक्षण किया और कृषकों के खेतों में पहुंचकर फसलों का अवलोकन कर किसानों से चर्चा की।