25 Apr 2024, 07:05:34 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

भय और दहशत का पर्याय बन चुका है उत्तर प्रदेश : अखिलेश

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jul 17 2019 12:50AM | Updated Date: Jul 17 2019 12:50AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

लखनऊ। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर कानून व्यवस्था के मामले में उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधते हुये कहा कि बेलगाम हो चुके अपराधियों को कानून-व्यवस्था का जरा भी खौफ नहीं रह गया है। यादव ने मंगलवार को कहा कि हत्या, लूट, अपहरण और बलात्कार की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मुख्यमंत्री के ‘बयान‘ के बाद भी अपराधी प्रदेश छोड़कर नहीं गए, जो जेल गए वहीं से वे अपना काला धंधा धड़ल्ले से चला रहे हैं। राज्यपाल भले ही इन हालात में उत्तर प्रदेश को सर्वोत्तम प्रदेश की राह पर बताएं पर सच तो यह है कि आज यह राज्य जनता के लिए भय और दहशत का पर्याय बन गया है।

उन्होने कहा कि पिछले सोमवार को अयोध्या के महाराजगंज में समाजवादी लोहिया वाहिनी के गोसाईगंज विधानसभा अध्यक्ष अखिलेश यादव उर्फ टिक्कू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। टिक्कू यादव सपा के उभरते युवा नेताओं में थे। लखनऊ के सआदतगंज में दबंगों ने सरेराह एक महिला के साथ छेड़छाड़ की और विरोध करने पर पिटाई कर दी। प्रतापगढ़ में कचहरी जा रहे वकील को बदमाशों ने गोलियों से भून दिया। वाराणसी में मझिगवां में पुल का निर्माण करा रहे इंजीनियर को चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई।

घोसी कोतवाली के भीरा विद्युत केन्द्र पर दरोगा समेत दो पुलिस कर्मियों को भीड़ ने पीटकर घायल कर दिया। यादव ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों के यौन शोषण की घटनाएं कम नहीं हो रही हैं। छेड़छाड़ के डर से तमाम छात्राओं ने स्कूल या कोचिंग जाना ही छोड़ दिया। बलात्कार की बढ़ती इन घटनाओं का स्वत: संज्ञान सर्वोच्च न्यायालय ने भी लिया है। कानून के बावजूद शासन प्रशासन अपराधियों में उसका भय नहीं पैदा कर सका है। स्थिति दिन प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। 15 जून को राज्यपाल से भेंट कर सपा ने निर्दोषों की हत्याओं से सम्बन्धित पत्र सौंपा था। एक माह बीत चुका है लेकिन सुधार के नाम पर परिणाम सिफर ही है। आज भी हत्याओं का क्रम जारी है। कोई मामला जब तूल पकड़ता है तो फौरी तौरपर रस्म अदायगी कर दी जाती है।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »