रानीगंज। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने शुक्रवार को मतदाताओं से भारतीय जनता पार्टी का घमंड़ तोड़ने का आग्रह किया। बनर्जी ने आसनसोल क्षेत्र के रानीगंज में एक चुनावी रैली को सम्बोधित करते हुए कहा,‘‘ भाजपा का स्थानीय सांसद असभ्य है और वह बंगाल संस्कति के बारे में कुछ नहीं जानता तथा अपने क्षेत्र के लोगों से कभी नहीं मिलता है और केवल चुनाव के दौरान ही लोगों के पास आता है। यह सांसद गलत भाषा का इस्तेमाल करता है और हम उसके स्तर तक अपने को नहीं गिराएंगे। मैं दशकों से जनसेवा कर रही हूं। भाजपा ने आसनसोल के लोगों पर बाहर से गुंड़े मंगाकर लोगों पर अत्याचार किए हैं। हम लड़ाकू लोग हैं और उनकी धमकियों से डरने वाले नहीं है।’’
उन्होंने कहा कि रानीगंज भू-स्खलन के लिहाज से काफी संवेदनशील है और इसी वजह से हम यहां पर आप लोगों की सुरक्षा के 45 हजार फ्लैट बनवा रहे हैं और आसनसोल को नया जिला घोषित कर दिया है। यहां एक पुलिस आयुक्तालय की स्थापना की गयी है तथा हावड़ा में एक हिन्दी विश्वविद्यालय की स्थापना भी की जा रही है। हमारी सरकार ने हिन्दी, उर्दू, संथाली, नेपाली, गुरुमुखी और अनेक भाषाओं को मान्यता दी है।
उन्होंने कहा कि हिन्दू धर्म सदियों पुराना हैं और भाजपा का जन्म हाल ही में हुआ है। भाजपा के लोग धर्म के नाम पर लोगों को शर्मिंदगी का सामना कराते हैं और केवल चुनावों में ही उन्हें राम का नाम याद आता है। भाजपा के लोग राम मंदिर बनाने में सफल नहीं हो सके हैं और इस पार्टी में दुर्योधन तथा दुशासन की जोड़ी है तथा लोग इन्हें जगाई-मधाई कहते हैं। ये लोग आम जनता में डर पैदा करने के लिए तलवारों और गदाओं का सहारा लेते हैं।