पटना। बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नीत महागठबंधन के घटक दलों के बीच आज प्रदेश की सभी 40 लोकसभा सीटों के बंटवारे पर सहमति बनी और प्रथम चरण के उम्मीदवारों की सूची भी जारी कर दी गई। राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद मनोज झा और प्रदेश अध्यक्ष रामचन्द्र पूर्वे ने यहां महागठबंधन के घटक दलों के नेता की मौजूदगी में सीटों की घोषणा की।
साथ ही प्रथम चरण के उम्मीदवारों की सूची भी जारी की। झा एवं श्री पूर्वे ने बताया कि घटक दलों के बीच सीटों के बंटवारे के तहत राजद को 20, कांग्रेस नौ, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) को पांच, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) को तीन और विकासशील इंसान पार्टी (वीआइपी) को तीन जबकि भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) को राजद के कोटे से एक सीट दी गयी है।