इंदौर। भारतीय ओपनर मयंक अग्रवाल अपने पहले दोहरे शतक सबसे कम पारियों में बनाने के मामले में महानतम बल्लेबाज ऑस्ट्रेलिया के डॉन ब्रैडमैन से आगे निकल गए हैं। मयंक ने बंगलादेश के खिलाफ यहां चल रहे पहले क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन 243 रन की शानदार पारी खेली है। मयंक का यह दूसरा दोहरा शतक था। उन्होंने पहले दो दोहरे शतक बनाने के लिए 12 पारियां ली हैं जबकि ब्रैडमैन ने अपना दूसरा दोहरा शतक 13वीं पारी में बनाया था।
इस मामले में भारत के विनोद कांबली सबसे आगे हैं जिन्होंने 1993 में पांच पारियों में ही दो दोहरे शतक बना दिए थे। मयंक ने अपना पहला दोहरा शतक पिछले महीने विशाखापत्तनम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बनाया था। 28 वर्षीय मयंक ने अपनी पारी में आठ छक्के लगाए और एक टेस्ट पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने के नवजोत सिंह सिद्धू के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। सिद्धू ने 1994 में लखनऊ में श्रीलंका के खिलाफ एक पारी में आठ छक्के लगाए थे।