विजयनगर। टीम इंडिया के विस्फोटक बल्लेबाज रोहित शर्मा की टेस्ट में बतौर ओपनर बेहद शर्मनाक शुरुआत हुई है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ प्रैक्टिस मैच में ओपनिंग करने उतरे रोहित खाता भी नहीं खोल पाए। महज दो गेंद खेलने के बाद रोहित शर्मा शून्य पर वर्नोन फिलैंडर की गेंद पर आउट होकर वापस लौट गए। बतौर ओपनर रेड बॉल क्रिकेट में अपने पहले मैच में वह खाता तक नहीं खोल पाए।
तीन दिवसीय मैच का आज तीसरा और आखिरी दिन है। पहला दिन बारिश के कारण नहीं हो पाया था। दूसरे दिन भी मैच देरी से शुरू हुआ और साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी शुरू की। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक साउथ अफ्रीका ने पांच विकेट के नुकसान पर 199 रन बना लिए थे। तीसरे दिन साउथ अफ्रीका ने छह विकेट पर 279 रन पर अपनी पारी घोषित कर दी। जवाब में टीम इंडिया की ओर से रोहित शर्मा और मयंक अग्रवाल मैदान पर उतरे। लंच ब्रेक तक भारत ने दो विकेट के नुकसान पर 23 रन बना लिए हैं।