नई दिल्ली। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के डिफेंडर कोथाजीत सिंह खडंगबम ने ओलंपिक टेस्ट इवेंट में रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना 200वां अंतर्राष्ट्रीय मैच खेला। ओई स्टेडियम में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट के दौरान 27 वर्षीय कोथाजीत ने यह उपलब्धि हासिल की। वह 2014 में एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता और 2014 में ही राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता टीम का हिस्सा रहे हैं। कोथाजीत ने कहा, ‘‘मैं सहायक स्टाफ और अपने साथी खिलाड़ियों का इतने वर्षों से मेरा समर्थन करने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं।
मुझे उम्मीद है कि जब भी टीम को मेरी जरुरत होगी मैं अपने देश का प्रतिनिधित्व करता रहूंगा। यह टूर्नामेंट टीम के 2020 ओलंपिक खेलों के लिए क्वालीफाइ करने के लिहाज से काफी जरुरी है।’’ कोथाजीत को बधाई देते हुए हॉकी इंडिया के अध्यक्ष मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने कहा, ‘‘कोथाजीत सिंह भारत के विशेषकर उत्तर-पूर्व क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत्र हैं। वह भारत के सबसे अच्छे डिफेंडरों में से एक हैं। इतने वर्षों तक अपने देश का प्रतिनिधित्व करना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।’’