20 Apr 2024, 11:19:05 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

विलियम्सन के सर्वश्रेष्ठ शतक से न्यूजीलैंड का चुनौतीपूर्ण 291 रन स्कोर

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jun 22 2019 11:10PM | Updated Date: Jun 22 2019 11:10PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

मैनचेस्टर। कप्तान केन विलियम्सन (148) के सर्वश्रेष्ठ शतक से न्यूजीलैंड ने वेस्ट इंडीज के खिलाफ खराब शुरुआत से उबरते हुए आईसीसी विश्व कप मुकाबले में शनिवार को 50 ओवर में 8 विकेट पर 291 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बना लिया। विलियम्सन का यह 13वां वनडे शतक है और उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी है। इससे पहले उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 145 रन था। कीवी कप्तान का विश्व कप में यह लगातार दूसरा शतक है। उन्होंने पिछले मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 106 रन की मैच विजयी पारी खेली थी। विलियम्सन ने 154 गेंदों में 14 चौकों और एक छक्के की मदद से 148 रन बनाये। विंडीज ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही और उसने पहले ही ओवर में दो विकेट गंवा दिया।

शेल्डन कॉट्रेल ने पहली ही गेंद पर मार्टिन गुप्तिल को पगबाधा कर दिया। अम्पायर ने पहले नॉटआउट का फैसला दिया लेकिन विंडीज के डीआरएस लेने के बाद अम्पायर को अपना फैसला बदलना पड़ गया। कॉट्रेल ने इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर कॉलिन मुनरो को बोल्ड कर दिया। दोनों ओपनर खाता नहीं खोल सके। इसके बाद कप्तान विलियम्सन और अनुभवी रॉस टेलर ने तीसरे विकेट के लिए 160 रन की साझेदारी कर न्यूजीलैंड को मुकाबले में वापस ला दिया। आूफ स्पिनर क्रिस गेल ने टेलर को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। टेलर ने 95 गेंदों में सात चौकों की मदद से 69 रन बनाये। टेलर का विकेट 167 के स्कोर पर गिरा जबकि टॉम लाथम 16 गेंदों में 12 रन बनाने के बाद कॉट्रेल को रिटर्न कैच थमा बैठे। लाथम का विकेट 210 के स्कोर पर गिरा।

विलियम्सन ने लाथम के साथ चौथे विकेट के लिए 43 रन जोड़े। विलियम्सन ने इसके बाद जेम्स नीशम के साथ पांचवें विकेट के लिए 41 रन जोड़े। विलियम्सन को भी कॉट्रेल ने आउट किया और अपना चौथा विकेट लिया। कॉट्रेल ने कॉलिन डी ग्रैंडहोम को अपने थ्रो से रन आउट भी किया। ग्रैंड होम ने छह गेंदों में 16 रन बनाये और अपनी पारी में एक चौका और एक छक्का लगाया। नीशम ने 23 गेंदों में एक चौके और एक छक्के की मदद से 28 रन बनाकर न्यूजीलैंड को 291 तक पहुंचा दिया। कार्लोस ब्रेथवेट ने पारी की आखिरी दो गेंदों पर मिशेल सेंटनर और नीशम के विकेट लिए। सेंटनर ने 10 रन बनाये। विंडीज की तरफ से कॉट्रेल ने 10 ओवर में 56 रन देकर चार विकेट, ब्रेथवेट ने 6 ओवर में 58 रन पर दो विकेट और गेल ने दो ओवर में आठ रन पर एक विकेट लिया।

 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »