29 Mar 2024, 18:42:16 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

सरदार-देवेंद्र को खेल रत्न, पुजारा-कौर समेत 17 को अर्जुन अवॉर्ड

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Aug 22 2017 5:16PM | Updated Date: Aug 22 2017 5:20PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। रियो पैरालंपिक के स्वर्ण पदक विजेता भाला फेंक एथलीट देवेंद्र झांझरिया और पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान सरदार सिंह को इस वर्ष 29 अगस्त को खेल दिवस के दिन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद देश के सर्वोच्‍च खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न से राष्ट्रपति भवन में सम्मानित करेंगे। राष्ट्रपति इसके साथ ही क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा और हरमनप्रीत कौर सहित 17 खिलाड़ियों को प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार भी प्रदान करेंगे।
 
सत्यनारायण को हटाया... 
सरकार ने मंगलवार को आधिकारिक रूप से इन राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के लिए खिलाड़ियों की घोषणा कर दी जिनके नामों की अर्जुन पुरस्कार समिति और द्रोणाचार्य पुरस्कार समिति ने सिफारिश की थी। द्रोणाचार्य पुरस्कारों से केवल कोच सत्यनारायण को हटाया गया है जिनके
खिलाफ एक आपराधिक मामला अदालत में लंबित है।
 
तीन खिलाड़ियों को ध्यानचंद पुरस्कार 
केंद्रीय खेल मंत्री विजय गोयल ने गत शुक्रवार रात इन नामों की फाइलों को अपनी मंजूरी दे दी थी जिसके अगले दिन सत्यनारायण का नाम द्रोणाचार्य सूची से हटाया गया था। सरकार की आधिकारिक घोषणा के बाद देवेंद्र और सरदार खेल रत्न बनेंगे जबकि सात कोचों को द्रोणाचार्य सम्मान दिया जाएगा। 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार मिलेगा। तीन खिलाड़ियों को आजीवन ध्यानचंद पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
 
राष्‍ट्रपति भवन में होगा समारोह
राष्ट्रपति खेल दिवस के दिन राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक विशेष समारोह में इन खिलाड़ियों को इन पुरस्कारों से सम्मानित करेंगे। खेल रत्न में साढ़े सात लाख की पुरस्कार राशि दी जाएगी जबकि अर्जुन द्रोणाचार्य और ध्यानचंद में पांच-पांच लाख रूपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी।  
 
खेल रत्न पाने वाले पहले पैरा एथलीट बनेंगे झाझरिया 
36 वर्षीय झाझरिया इस तरह खेल रत्न बनने वाले पहले पैरा एथलीट बनेंगे। झाझरिया ने गत वर्ष रियो पैरालंपिक में भाला फेंक एफ-46 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। वह इससे पहले 2004 के एथेंस पैरालंपिक में भी भाला फेंक में स्वर्ण जीत चुके हैं। राजस्थान के झाझरिया ने इसके अलावा 2013 की आईपीसी विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक और 2015 की ही आईपीसी विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था। झाझरिया ने 2004 और 2016 के पैरालंपिक खेलों में नए विश्व रिकाॅर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीते थे।
 
बेहतरीन मिडफील्डरों में शुमार सरदार 
दुनिया के बेहतरीन मिडफील्डरों में शुमार सरदार सिंह की अगुवाई में भारत ने 2014 के इंचियोन एशियाई खेलों में 16 वर्ष के अंतराल के बाद जाकर हॉकी में स्वर्ण पदक हासिल किया था और रियो ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई किया था। सरदार की अगुवाई में भारत ने न केवल पिछले एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक जीता था बल्कि सीधे रियो ओलंपिक का टिकट भी पाया था। सरदार का शुमार दुनिया के बेहतरीन मिडफील्डरों में होता है। जब वह 2008 के सुल्तान अजलान कप में भारतीय कप्तान बने थे तो उस समय कप्तानी संभालने वाले वह सबसे युवा कप्तान बने थे।

पुजारा और हरमनप्रीत सिंह को अर्जुन पुरस्कार
अर्जुन पुरस्कार के लिए क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा और महिला क्रिकेटर हरमनप्रीत सिंह, रियो पैरालंपिक में पुरूष ऊंची कूद में कांस्य पदक हासिल करने वाले वरूण सिंह भाटी, बास्केटबॉल खिलाड़ी प्रशांती सिंह, गोल्फर एसएसपी चौरसिया और महिला फुटबाॅलर ओनम बेमबेम देवी शामिल हैं।

रियो पैरालंपिक के तीन विजेताओं को पुरस्कार 
इनके अलावा टेनिस खिलाड़ी साकेत मिनैनी, रियो पैरालंपिक में स्वर्ण जीतने वाले ऊंची कूद एथलीट मरियपन्न थंगावेलू , महिला तीरंदाज वीजे सुरेखा, एथलीट खुशबीर कौर और आरोकिया राजीव, हॉकी खिलाड़ी एस वी सुनील, पहलवान सत्यव्रत कादियान, टेबल टेनिस खिलाड़ी एंथोनी अमलराज, निशानेबाज पीएन प्रकाश, कबड्डी खिलाड़ी जसवीर सिंह  और मुक्केबाज देवेंद्रो सिंह अर्जुन अवार्ड ग्रहण करेंगे। इस तरह रियो पैरालंपिक के चार पदक विजेताओं में से तीन को इस बार पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
 
न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) सी के ठक्कर की अध्यक्षता वाली खेल रत्न और अर्जुन पुरस्कार समिति तथा राष्ट्रीय बैडमिंटन  कोच पुलेला गोपीचंद की अध्यक्षता वाली द्रोणाचार्य अवार्ड समिति ने खिलाड़ियों और कोचों का चयन किया था। इन दोनों समितियों की सिफारिश में सिर्फ सत्यनारायण को हटाया गया है।
 
खिलाड़ियों के नामों की सूची इस प्रकार है- 
खेल रत्न- देवेंद्र झाझरिया (पैरा एथलीट) और सरदार सिंह (हॉकी)।
 
अर्जुन अवार्ड- चेतेश्वर पुजारा (क्रिकेट), हरमनप्रीत कौर (क्रिकेट), वरूण सिंह भाटी (पैरा एथलीट), प्रशांती सिंह (बास्केटबॉल), एसएसपी चौरसिया (गोल्फ), ओनम बेमबेम देवी (महिला फुटबाॅल), साकेत मिनैनी (टेनिस), मरियपन्न थंगावेलू (पैरा एथलीट), वीजे सुरेखा (तीरंदाजी), खुशबीर कौर (एथलेटिक्स), आरोकिया राजीव (एथलेटिक्स), एस वी सुनील (हॉकी), सत्यव्रत कादियान (कुश्ती), एंथोनी अमलराज(टेबल टेनिस), पीएन प्रकाश(निशानेबाजी), जसवीर सिंह (कबड्डी), देवेंद्रो सिंह (मुक्केबाजी)।
 
द्रोणाचार्य पुरस्कार- स्वर्गीय डॉ. रामकृष्णन गांधी (एथलेटिक्स), हीरानंद कटारिया (कबड्डी)।
 
लाइफटाइम द्रोणाचार्य अवार्ड- जीएसएसवी प्रसाद (बैडमिंटन), बृजभूषण मोहंती (मुक्केबाजी), पी ए रफेल (हॉकी), संजय चक्रवर्ती (निशानेबाजी) और रौशन लाल (कुश्ती)।
 
ध्यानचंद अवार्ड- भूपेंद्र सिंह (एथलेटिक्स), सैयद शाहिद हकीम(फुटबाॅल) और सुमरई टेटे(हॉकी)।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »