19 Mar 2024, 08:35:21 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

युवी-धोनी के धमाके से भारत ने इंग्लैंड को 15 रन से हराकर 2-0 से जीती सीरीज

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jan 19 2017 10:11PM | Updated Date: Jan 20 2017 11:11AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

कटक। भारत और इंग्लैंड के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का दूसरा मैच कटक में खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड की टीम 382 रनों के अपने तीसरे सबसे बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट पर 366 रन ही बना सकी। इस प्रकार वह 15 रन से मैच हार गई। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने सीरीज में 2-0 के अजेय बढ़त हासिल कर ली। भारत की ओर से आर अश्विन ने तीन और जसप्रीत बुमराह ने दो विकेट चटकाए। टॉस हारने के बाद टीम इंडिया ने पहले बैटिंग की, लेकिन उसके तीन विकेट 25 रन पर ही गिर गए। इसके बाद शतकवीर एमएस धोनी और युवराज सिंह के बीच 256 रनों की साझेदारी से टीम इंडिया ने 50 ओवर में 6 विकेट पर 381 रन बना लिए।

युवराज सिंह ने 150 रन, तो एमएस धोनी ने 134 रनों की पारी खेली। इंग्लैंड के कप्तान इयोन मॉर्गन ने 102 रनों की शानदार पारी खेली। टीम इंडिया की ओर से युवराज सिंह और एमएस धोनी ने ऐतिहासिक पारियां खेलीं. युवराज सिंह 127 गेंदों में 150 रन (21 चौके, 3 छक्के) बनाकर आउट हुए। युवी ने 98 गेंदों में करियर का 14वां शतक पूरा किया, जबकि 56 गेंदों में करियर की 52वीं फिफ्टी बनाई। एमएस धोनी 122 गेंदों में 134 रन (10 चौके, 6 छक्के) बनाकर आउट हुए। उन्होंने 106 गेंदों में 10वां शतक पूरा किया। धोनी ने इससे पहले 68 गेंदों में 62वीं फिफ्टी बनाई थी। धोनी को 43 रन पर जीवनदान भी मिला, जब जेक बॉल ने उनका बेहद मुश्किल कैच टपका दिया था।

भारत ने बनाया विश्व रिकार्ड
भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में गुरूवार को छह विकेट पर 381 रन बनाकर एकदिवसीय क्रिकेट में सर्वाधिक 23 बार 350 का स्कोर बनाने का नया विश्व रिकार्ड कायम कर दिया। भारत ने पुणे में पहले मैच में 351 रन बनाकर दक्षिण अफ्रीका के सर्वाधिक 22 बार 350 के स्कोर बनाने के रिकार्ड की बराबरी की और कटक के बाराबती स्टेडियम में 381 रन बनाकर दक्षिण अफ्रीका को पीछे छोड़ दिया और नया विश्व रिकार्ड बना दिया।

इंग्लैंड को तीसरा सबसे बड़ा लक्ष्य
टीम इंडिया ने इंग्लैंड के सामने 382 रनों का लक्ष्य रखा है। उसने 381 रन बनाए हैं। यह इंग्लैंड के खिलाफ किसी भी टीम का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले टीम इंडिया ने ही उसके सामने नवंबर, 2008 में राजकोट वनडे में 5 विकेट पर 387 रन बनाए थे। इंग्लैंड के सामने सबसे बड़ा लक्ष्य न्यूजीलैंड ने जून, 2015 में ओवल में रखा था। कीवी टीम ने 50 ओवर में 5 विकेट पर 398 रन बनाए थे।

धोनी के भारत में 4000 रन, सचिन के बाद दूसरे
एमएस धोनी ने भारतीय मैदान पर वनडे में 4000 रन पूरे कर लिए हैं। ऐसा करने वाले वह सचिन तेंदुलकर के बाद दूसरे भारतीय हैं. सचिन ने भारतीय मैदानों पर 6 हजार से अधिक रन (6976 रन) बनाए थे। तीसरे नंबर पर राहुल द्रविड़ (3406 रन) हैं, जिन्होंने 3 हजार से अधिक रन बनाए हैं।

6 साल बाद 5 ओवर के भीतर गिरे 3 विकेट
कटक वनडे में टीम इंडिया ने पहले पांच ओवर में 25 रन पर तीन विकेट (लोकेश राहुल, विराट कोहली और शिखर धवन) खो दिए। इससे पहले टीम इंडिया ने साल 2010 में ढाका में श्रीलंका के खिलाफ पहले पांच ओवर में ही तीन विकेट गंवा दिए थे। इससे पहले 2007 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसने ऐसा किया था।

उमेश यादव को किया बाहर
कप्तान विराट कोहली ने टीम इंडिया के प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया है। पिछले मैच में जमकर रन लुटाने वाले तेज गेंदबाज उमेश यादव को बाहर कर दिया है और उनकी जगह मध्यम गति के गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को जगह दी है। इंग्लैंड ने भी टीम में एक बदलाव किया है और स्पिनर आदिल राशिद की जगह लियाम प्लंकट को शामलि किया है।
 
टीमें इस प्रकार हैं-
भारत : विराट कोहली (कप्तान), लोकेश राहुल, एमएस धोनी, युवराज सिंह, केदार जाधव, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, आर अश्विन, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार और शिखर धवन।
इंग्लैंड : इयोन मॉर्गन (कप्तान), एलेक्स हेल्स, जेसन रॉय, जो रूट, जॉस बटलर, बेन स्टोक्स, मोईन अली, क्रिस वोक्स, लियाम प्लंकट, डेविड विले, जेक बॉल।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »