नई दिल्ली। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष मोहम्मद मुश्ताक अहमद निर्विरोध एशियाई हॉकी महासंघ (एएचएफ) के उपाध्यक्ष चुने गए हैं जबकि हॉकी इंडिया की उपाध्यक्ष असीमा अली को एएचएफ के कार्यकारी बोर्ड समिति का सदस्य चुना गया है। हॉकी इंडिया ने अपने दोनों पदाधिकारियों को उनकी जीत के लिए शुभकामनाएं दी हैं। हॉकी इंडिया के महासचिव राजेंद्र सिंह ने इस चुनाव में मिली जीत पर बधाई देते हुए कहा - यह हमारे लिए बहुत खुशी की बात है। मैं हॉकी इंडिया के अध्यक्ष मुश्ताक को एएचएफ का उपाध्यक्ष बनने और असीमा को बोर्ड समिति की सदस्य चुने जाने के लिए बधाई देता हूं।
राजेंद्र ने कहा - आप दोनों ने हॉकी इंडिया में पदाधिकारी रहते हुए पूरे देश में हॉकी को एक खास पहचान दिलाई और इसे एक पेशेवर संघ के रुप में बदल दिया। उन्होंने कहा - मुझे यकीन है कि आप अपने अनुभव का इस्तेमाल अपनी नई जिम्मेदारी को बखूबी संभालेंगे और हमें गौरवान्वित करेंगे। मैं हॉकी इंडिया के सभी सदस्य की ओर से आप दोनों को शुभकामनाएं देता हूं और आशा करता हूं कि आपके संरक्षण में एएचआई नई बुलंदियों को छुएगा।