25 Apr 2024, 14:23:32 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android

बेसन का ढोकला खाने में बड़ा ही स्वादिष्ट होता हैं, इसे भाप में पकाने के कारण तेल तो बहुत ही कम प्रयोग होता है। यदि आप तेल से बनी चीजों से परेहज करते हों तो इसे अवश्य बनाईए। आप छोटे बच्चों के लन्च टिफन में आप यह बेसन का ढोकला बना कर दे सकते हैं। ढोकला कई तरीके से बनाया जाता है, जैसे  बेसन ढोकला, रवा ढोकला, खट्टा ढोकला, पनीर ढोकला, झटपट ढोकला। रवा  ढोकला और झटपट ढोकला तो हम पहले बना ही चुके हैं आज बेसन  ढोकला बनाते हैं।

आवश्यक सामग्री मिश्रण बनाने के लिए
बेसन                   - 200 ग्राम
हल्दी                   - 1/6 छोटी चम्मच (यदि आप चाहैं )
नमक - स्वादानुसार
हरी मिर्च का पेस्ट  - 1 छोटी चम्मच
अदरक का पेस्ट     - 1 छोटी चम्मच
नीबू का रस           - 2 चम्मच (2 मीडियम आकार के नीबू)
ईनो साल्ट             - 3/4 छोटी चम्मच से थोड़ा कम


तड़का लगाने के लिए
तेल                - एक चम्मच
राई                - एक छोटा चम्मच
हरी मिर्च - 2 - 3 (2 टुकड़े करते हुए लम्बाई में काट लीजिए)
नमक           - स्वादनुसार
चीनी            - एक छोटी चम्मच
नीबू का रस   - 1 छोटी चम्मच
हरा धनियां    - 1 टेबल स्पून (बारीक कतरा हुआ)

बनाने की विधि-

बेसन को छान कर किसी बर्तन में निकाल लीजिए। थोड़ा थोड़ा पानी डालते हुए, चमचे से चलाते हुए गाड़ा घोलिए, घोल में गुठलियां नहीं रहनी चाहिए, घोल में ह्ल्दी पाउडर डाल कर मिला दीजिए। बेसन के घोल को 20 मिनिट के लिए ढककर रख दीजिए ताकि बेसन के कड़ फूल सके।

बर्तन जिसमें आप ढोकला बनाना चाहते हैं, 2 छोटे गिलास पानी (500 ग्राम पानी) डालिए और गैस फ्लेम पर गरम होने के लिये रख दीजिए, एक स्टैन्ड भी इसी बर्तन में रखिए जिसके ऊपर हम बेसन का घोल भर कर थाली रखेंगे। थाली को तेल लगाकर चिकना कर लीजिए।

बेसन के घोल में नीबू का रस, नमक, हरी मिर्च पेस्ट, अदरक पेस्ट डाल कर अच्छी तरह मिलाइए। अब इस मिश्रण में ईनो डालिए और चमचे से मिश्रण को चलाइए जैसे ही मिश्रण में एअर बबल आ जाय तुरन्त मिश्रण को थाली में डालिए और थाली को बर्तन के अन्दर स्टैन्ड पर रखिए। बर्तन में डाला गया पानी भी गरम हो गया है, उसमें भाप आ रही है। इस बर्तन को ढककर ढोकला लगभग 20 मिनिट मीडियम गैस फ्लेम पर पकाइए।

ढोकला पक चुका है,(टैस्ट के लिए पके हुए ढोकला में चाकू की नोक गढ़ा कर देखिए, मिश्रण चाकू की नोक से नहीं चिपकता है)। बेसन का ढोकला बन गया है, गैस बन्द कर दीजिये, ढोकला की थाली बर्तन से निकालिए, ठंडा कीजिए और चाकू को किनारे पर चला कर किनारे से ढोकला अलग कीजिए। ढोकला की थाली को  किसी दूसरी थाली या प्लेट में पलट कर बेसन का ढोकला निकालिए। चाकू से अपने मन पसन्द आकार में ढोकला काट लीजिए।
तड़का लगायें-
छोटी कढ़ाई में तेल डालिए, तेल गरम होने के बाद, राई डालिए, राई तड़कने के बाद हरी मिर्च डाल कर हल्का सा तलिए, अब इस मसाले में आधा कप पानी (100 ग्राम पानी) डाल दीजिए, नमक और चीनी भी डाल दीजिए। उबाल आने पर गैस बन्द कर दीजिये, और नीबू का रस मिला दीजिए। इस तड़के को चम्मच से ढोकले के ऊपर सभी जगह डालिए। हरा धनियां या कद्दूकस किए हुए नारियल को ऊपर से डाल कर सजाइए। गरमा गरम, ताजा ताजा बेसन का ढोकला परोसिये और खाइये

बाजार में इसी तरह का ढोकला मिलता है, लेकिन उसे बनाने में नीबू की जगह टार्टरिक एसिड प्रयोग किया जाता है, यदि आप चाहें तो आप भी टार्टरिक एसिड का प्रयोग कर सकते है। टार्टरिक एसिड पारदर्शी सफेद सोलिड होता है, इतना ढोकला बनाने के लिए, 2 सफेद(कावली चने) के दाने के बराबर टुकड़ा लीजिए और पानी में घोल कर ढोकला के घोल में मिलाइए। उपरोक्त तरीके से ढोकला बना लीजिए।
सावधानियां
1. अगर बेसन का घोल अधिक पतला या अधिक गाढ़ा होगा तो ढोकला स्पंजी नहीं बनेगा।

2. अगर ईनो साल्ट डालकर आप मिश्रण को ज्यादा देर तक चमचे से चलाते रहेंगे, एअर बबल निकल जाने के कारण ढोकला पर्याप्त नहीं फूलेगा।

3. यदि इनो साल्ट डालने के बाद, मिश्रण को काफी देर बाद, पकाने रखेंगे तो भी ढोकला पर्याप्त नहीं फूलेगा।

4. गैस प्लेम कम होने पर भी ढोकला पर्याप्त नहीं फूलेगा।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »