जींद। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के भ्रष्टाचार मुक्त प्रदेश के दावे को मात्र ढकोसला करार देते हुये सवाल किया है कि उसने राज्य में एक ही दिन में 17 जगहों पर कार्यालय खोले हैं तथा वह यह स्पष्ट करे कि इनके लिये पैसा कहां से आया। डॉ. तंवर ने धमतान साहिब गांव की अनाज मंडी में आयोजित परिवर्तन रैली को सम्बोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा एक साथ इतने कार्यालय खोले जाने में भ्रष्टाचार की बू आ रही है।
उन्होंने भाजपा से अपने चंदे की राशि सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का जींद कार्यलय की जगह भी विवादित है जिसका आने वाले दिनों में सारा खुलासा किया जाएगा। कांर्ग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने दावा किया कि कहा कि भाजपा ने जींद रैली में 100 करोड़ रूपए खर्च किये लेकिन रैली फिर भी सफल नहीं हो सकी।
रैली के 28 ब्लॉकों में से 10 ब्लाक पूर्णतया खाली रहे। रैली में लोगों से ज्यादा सुरक्षाकर्मी और विभागों के अधिकारी और कर्मचारी थे। उन्होंने इनेलो को भी आड़े हाथ लेते हुये कहा कि रैली से पहले इसके नेता काले झंडे और गुब्बारों से रैली का विरोध करने की बातें कर रहे थे लेकिन रैली के दिन इसका कोई भी नेता विरोध के लिए सामने नहीं आया। सिर्फ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध कर गिरफतारियां दीं।